पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • हाईटेंशन लाइन पर सफेदा गिरने से दस घंटे बत्ती गुल

हाईटेंशन लाइन पर सफेदा गिरने से दस घंटे बत्ती गुल

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - भिवानी
जनस्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के कारण मंगलवार को शहर के दर्जन भर कॉलोनियों में आठ से दस घंटों तक बिजली गुल रही। विकास नगर व इंडस्ट्रीयल एरिया के लोगों को पानी की बेहतर सप्लाई देने जनस्वास्थ्य विभाग एमसी कॉलोनी मोड़ के पास नया बूस्टर बना रहे हैं। इसके लिए विभाग ने पार्क में छह फुट तक खुदाई की हुई है और बूस्टर की तलहटी का काम चल रहा है। खुदाई के कारण आस-पास खड़े पेड़ों की जड़ें अपना स्थान छोड़ गई तथा पेड़ 11 हजार वोल्टेज की तारों पर गिर गया। शुक्र है कि किसी प्रकार का बड़ा हादसा नहीं हुआ।
सोमवार रात को बूस्टर के लिए की गई खुदाई के कारण मिट्टी का कटाव होने से एक पेड़ झुककर बिजली की 11 हजार वोल्टेज तारों पर गिर गया। इसके कारण दिनोद गेट फीडर व पंचायती गेट फीडर की आपूर्ति बंद हो गई। इतना ही नहीं इतनी ज्यादा वोल्टेज होने के कारण पेड़ों ने आग भी पकड़ ली थी। गनीमत रही कि पिछले काफी समय से पड़ रही धुंध के कारण पेड़ गीले थे इस कारण आग नहीं फैल पाई। अगर आग ज्यादा फैल जाती तो आस-पास सैकड़ों फैक्ट्री को नुकसान हो जाता। सोमवार रात को आए फाल्ट को ठीक करने में बिजली निगम के कर्मचारियों को खासी मशक्कत करनी पड़ी। क्योंकि 11 हजार वोल्टेज की वायर पेड़ों के बीच में से गुजर रही है। पहले क्रेन को बुलाकर झुके हुए पेड़ों को सीधा कराया गया और तब जाकर कर्मचारी अपना काम शुरू कर पाए।
जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता देवेंद्र दहिया से बात कि गई तो उन्होंने बताया कि पेड़ों की कटाई को लेकर वन विभाग को लिखित में भेजा जा चुका था। विभाग ने छोटे पेड़ों को तो काट दिया गया, लेकिन बड़े पेड़ नहीं काटे थे। इसके अलावा एक पेड़ बिजली के तारों की तरफ झुक गया था तो विभाग के जेई ने खुद मौके पर पहुंचकर क्रेन की मदद से झुके पेड़ को सीधा किया। अब सभी पेड़ों को हटवा दिया जाएगा।



इन-इन कॉलोनियों में आपूर्ति रही बाधित

दिनोद गेट फीडर की बिजली सप्लाई बंद होने के कारण जैन चौक, बिचला बाजार, लाल मजिस्द, डोबी तालाब, बाबड़ी गेट, जिंदयान गली, रामदत्त गली, रूपा चंपा गली, कुम्हारों वाली गली, कपड़ा मार्केट, बर्तन बाजार आदि क्षेत्रों में बिजली सप्लाई 10 घंटों तक बाधित बनी रही। इसी प्रकार पंचायती गेट फीडर की बिजली सप्लाई बाधित होने के कारण नया बाजार, लोहड़ बाजार, बोझावाली देवी मंदिर एरिया, बाग कोठी एरिया, चौखानगली, चंदूहेड़ा आदि क्षेत्रों में भी 10 घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित बनी रही। समाचार लिखे जाने तक भी बिजली सप्लाई बहाल नहीं हो पाई थी।

नए बूस्टर के लिए पार्क में की गई खुदाई से पेड़ों की जड़ों ने छोड़ी जगह, कई कॉलोनियां हुईं प्रभावित