पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंभिवानी। शांति नगर कॉलोनी में अपने दोस्त के घर मिलने गए युवक की दोस्त के परिवार वालों ने अवैध संबंधों के शक में धुनाई कर दी और एक कमरे में बंद कर दिया। कमरे में बंद युवक ने साड़ी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी और मृतक के भाई महेश के बयान चार लोगों प्रीतम, देवेंद्र, पुष्पा, मीना के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने, मारपीट करने, बंधक बनाने का मामला दर्ज किया है। इन पर भारतीय दंड संहिता की धारा 323, 342, 306 के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है और किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
रिश्तेदारी में मिलने आए थे और मोल ले ली आफत
वाक्या बुधवार शाम करीब चार बजे का है। डाबर कॉलोनी वासी 30 वर्षीय युवक मनोज अपने दोस्त से मिलने शांति नगर कॉलोनी में गया था। मनोज धागा फैक्ट्री में काम करता था। बताया जाता है कि मनोज व उसका दोस्त पहले इकट्ठे फैक्ट्री में काम करते थे।
मनोज जब अपने दोस्त के घर था तो वहां दोस्त के कुछ रिश्तेदार भी आए हुए थे। उन्हें मनोज पर शक हुआ और उन्होंने उसकी पिटाई कर दी। पिटाई करने के बाद मनोज को एक कमरे में बंद कर दिया। सभी मनोज के दोस्त के आने का इंतजार कर रहे थे। कमरे में बंद मनोज ने अंदर रखी साड़ी पंखे के हुक से बांध फांसी लगा ली। जब मनोज का दोस्त घर आया और कमरे का दरवाजा खोला तो मनोज फांसी पर लटका मिला। इसकी सूचना जैन चौक चौकी पुलिस को दी गई।
पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल लाई। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को भी दी गई। मरने वाले के दो बेटे और एक बेटी है। इस घटना के बाद रिश्तेदारी में मिलने आए लोग फंस गए हैं। उन पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज हो सकता है।
मामले की जांच कर रहे जैन चौक चौकी इंचार्ज रामकिशन ने बताया कि मनोज अपने दोस्त के घर मिलने गया था। वहां दोस्त के परिवार वालों को उसकी गलत हरकतों के कारण उस पर शक हुआ और उसकी पिटाई कर कमरे में बंद कर दिया। कमरे में मनोज ने फांसी लगा ली। शव का पोस्टमार्टम गुरुवार सुबह होगा।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.