- Hindi News
- रविवार और सोमवार की रात हो सकती है बरसात
रविवार और सोमवार की रात हो सकती है बरसात
भास्कर न्यूज - भिवानी
पिछले एक सप्ताह की धुंध, बारिश और बादलवाई के बाद बुधवार को जिले का आसमान साफ रहा। इस कारण लोगों ने तीखी धूप का मजा लिया। मौसम विभाग की भविष्यवाणी है कि दो फरवरी की रात और तीन फरवरी को हल्की या मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है।
21 जनवरी को जिले में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश और ओलावृष्टि के बाद पिछले सप्ताह तीन दिन तक घनी धुंध भी रही थी। इसके अलावा पिछले 10 दिन से जिले के लोगों को तीखी धूप का नजारा देखने को नहीं मिल पाया था।
बुधवार की सुबह जब लोग सोकर उठे तो सूर्य देवता अपने शबाब पर थे। उनके चमकने का यह सिलसिला पूरे दिन चलता रहा। इस कारण लोगों ने कई दिन बाद तेज धूप का मजा लिया। मगर मौसम विभाग का अनुमान है कि गुरुवार से जिले में फिर से बादलवाई होने से लोग धूप का आनंद नहीं ले पाएंगे। हालांकि मौसम विभाग का दावा है कि शनिवार का दिन एक बार फिर से बुधवार की तरह सूर्य की तपिश देने वाला रहेगा। इस कारण उस दिन जिले का अधिकतम तापमान 22 और न्यूनतम 10 डिग्री तक जाने की संभावना है।
इसके बाद रविवार को एक बार जिले के आसमान पर बादल छाएंगे। इसके बाद रविवार रात और शनिवार दिन भर प्रदेश में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। इसके बाद मंगलवार को मौसम तो साफ रहेगा, लेकिन जिले ही नहीं पूरे प्रदेश में ठंड बढ़ जाएगी। इस बारे में कृषि विज्ञान केंद्र डॉ. अमरजीत ने बताया कि ठंड के इस मौसम में पशुपालकों को अपने पशु मकानों के अंदर बांधने चाहिए। इसके अलावा फसलों में भी किसानों को हल्की सिंचाई करते रहना चाहिए।