- Hindi News
- बंदूकों के साए में रहेंगे एचटेट के प्रश्न पत्र
बंदूकों के साए में रहेंगे एचटेट के प्रश्न पत्र
भिवानी - एचटेट के प्रश्न पत्रों को लीक होने से बचाने के लिए बोर्ड प्रशासन ने इस बार नया फार्मूला अपनाया है। इस बार ये प्रश्न पत्र सभी जिला मुख्यालयों पर पुलिस के पहरे में ट्रेजरी कार्यालयों में रखे जाएंगे। इसके लिए बोर्ड प्रशासन ने बुधवार को आदेश जारी किए हैं। बोर्ड प्रशासन ने जिन जिलों में यह परीक्षा होनी है वहां के डीसी को पत्र जारी किए हैं। इसमें बोर्ड ने लिखा है कि एचटेट की संवेदनशीलता को देखते हुए इन प्रश्न पत्रों को खजाना कार्यालयों में रखा जाए।
बोर्ड के चेयरमैन व सचिव ने इस पत्र में एनसीटीई व सरकार के आदेशों का जिक्र करते हुए कहा कि इस संवेदनशील व महत्वपूर्ण परीक्षा का संचालन जिला प्रशासन के सहयोग से करने की व्यवस्था है। प्रश्न पत्रों की सुरक्षा के लिए जिला मुख्यालयों पर खजाना कार्यालयों में प्रश्न पत्र रखे जाने हैं। इन खजाना कार्यालयों पर हथियार बंद पुलिसकर्मी तैनात होंगे। ये प्रश्न पत्र शुक्रवार से शनिवार तक इन खजाना कार्यालयों में रखे जाने हैं। इसके बाद रोजाना सुबह साढ़े सात बजे परीक्षा केंद्र अधीक्षक की मौजूदगी में ये पैकेट बांटे जाएंगे। इस दौरान एक राजपत्रित अधिकारी हर परीक्षा केंद्र पर नियुक्त होगा। वही अधिकारी ट्रेजरी पहुंचकर काम शुरू होने की जानकारी देगा। उक्त अधिकारी बोर्ड व जिला प्रशासन की संयुक्त टीम से प्रश्न पत्र वितरण कराएगा।