- Hindi News
- किसान हितों पर कुंडली मारकर बैठी है कांग्रेस सरकार: ऋषि
किसान हितों पर कुंडली मारकर बैठी है कांग्रेस सरकार: ऋषि
भास्कर न्यूज - भिवानी
सरकार की गलत नीतियों के कारण किसान अकाल झेल रहे हैं। इस समय फसलों की नहीं किसानों की मौत हो रही है। कांग्रेस के साढ़े नौ साल के शासनकाल में एक लाख से ज्यादा किसानों ने आत्महत्या की है। यह सब कांग्रेस सरकार की किसानों के खिलाफ बनाई नीतियों के कारण हो रहा है।
यह बात भाजपा के सभी मोर्चों के प्रदेश प्रभारी ऋषि प्रकाश शर्मा ने कही। वे बुधवार को किसानों की विभिन्न मांगों के समर्थन में भाजपा किसान मोर्चा द्वारा लघु सचिवालय के सामने दिए गए एक दिवसीय धरने को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने किसानों के लाभकारी मूल्य के फार्मूले को सात साल से ठंडे बस्ते में डाला हुआ है। अगर सरकार स्वामीनाथन कमीशन की रिपोर्ट को लागू कर देती तो किसानों को गेहूं के 2100 रुपये, धान के 2025 रुपये तथा गन्ने के 375 रुपये प्रति क्विंटल भाव मिलते। इसके अलावा कमीशन ने अपनी रिपोर्ट में किसानों को 50 प्रतिशत लाभांश कि सिफारिश की थी।
मगर, मनमोहन की मैक्रो इकॉनमी की इन नीतियों ने किसानों को बर्बाद कर दिया है। कांग्रेस के राज में हुई ऋण माफी का फायदा किसानों को नहीं बल्कि बैंकों को मिला। सरकार की गलत नीतियों के कारण यमुनानगर के किसानों ने ऋण के बदले अपनी किडनी देने की पेशकश की है। यह सरकार की गलत नीतियों को दर्शाती है। इस मौके पर जिला अध्यक्ष ताराचंद अग्रवाल एवं किसान नेता बंसीलाल श्योराण ने कहा कि यह दशक सेज के नाम पर किसानों की जमीन की लूट का दशक रहा है। वर्तमान सरकार में किसानों की जमीनें घेर -घेर कर पूंजीपतियों ने अपने लैंड बैंक बना लिए। उन्होंने कहा कि यदि सरकार एक सप्ताह में किसानों की मांगों पर सार्थक पहल नहीं करती तो सात फरवरी को देश भर में किसान आक्रोश दिवस मनाते हुए रेल की पटरियों पर बैठेंगे। इसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी। इस मौके पर प्रदेश सह मीडिया प्रमुख रितिक वधवा, डॉ. रविकांत भीष्म, तोशाम व्यापार मंडल प्रधान राकेश मलिक, ज्ञान गुलाटी, वरूण चौधरी, चुन्नीलाल स्वामी, विजय शेखावत, सूबे सिंह लाखलान, आरके शर्मा, प्रेम कौशिक, शिवकुमार पराशर, नथूराम श्योराण, डॉ. बबलू, सुनील चौहान, अतर सिंह गोलागढ़, विश्वनाथ शर्मा, अजय शर्मा, कमल फौजी, बाबूलाल स्वामी, विनोद अत्री, मंगेज सिंह, विजय कुमार, नीरज अग्रवाल मौजूद थे।