प्रॉपर्टी टैक्स भरने पर छूट केवल आज
भास्कर न्यूज - भिवानी
तीस प्रतिशत छूट के साथ प्रोपर्टी टैक्स भरने का अंतिम दिन आज है। जो भी नागरिक अपना प्रोपर्टी टैक्स नहीं भर पाए हैं वे आज ही भर दें। अधिकारियों की मानें तो अब छूट की तिथि को आगे नहीं बढ़ाया जाएगा।
शुक्रवार के बाद प्रोपर्टी टैक्स पर छूट नहीं मिलेगी। सरकार की ओर से 30 प्रतिशत छूट के साथ प्रोपर्टी टैक्स भरने की घोषणा के बाद अधिकतर लोग अपना प्रोपर्टी टैक्स जमा कराने नगर परिषद कार्यालय में आ रहे थे। शहर के ज्यादातर लोगों ने पिछले पांच छह सालों से प्रोपर्टी टैक्स नहीं भरा है। सरकार ने 1 नवंबर को छूट के साथ टैक्स भरने की अंतिम तिथि 30 नवंबर घोषित की थी। लेकिन ज्यादातर लोगों ने प्रोपर्टी टैक्स नहीं भरा था। कारण, नगर परिषद ने प्रॉपर्टी टैक्स के बिल भेजना उचित नहीं समझा। इसके बाद अंतिम तिथि को 10 दिसंबर और फिर 31 दिसंबर और फिर स्थानीय निकाय ने अंतिम कहकर टैक्स भरने की अंतिम तिथि को 31 जनवरी तक बढ़ा दिया था। लेकिन लोगों ने अभी भी प्रॉपर्टी टैक्स भरने में कोई खास रुचि नहीं दिखाई।
35 प्रतिशत लोगों ने ही जमा कराया है कर
नगर परिषद चेयरमैन विजय पंचगांवा ने बताया कि शहर के लोगों में इस समय करीब तीन करोड़ रुपये प्रोपर्टी टैक्स के रूप में बकाया है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा छूट देने के बाद भी ज्यादातर लोग अपना प्रोपर्टी टैक्स जमा नहीं करा रहे हैं। उनकी मानें तो अब तक 30 से 35 प्रतिशत लोगों ने ही प्रोपर्टी टैक्स जमा कराया है। अभी भी शहर के लोगों पर प्रोपर्टी टैक्स के रूप में दो करोड़ रुपये से ज्यादा बकाया है। विजय पंचगांवा ने शहर के नागरिकों से आग्रह किया है कि वे आज ज्यादा से ज्यादा प्रोपर्टी टैक्स जमा कराए। ताकि लोगों को भी छूट का फायदा मिले और नगर परिषद को भी।