- Hindi News
- बोस जैसे नेता पर देश को है गर्व : दिग्विजय चौटाला
बोस जैसे नेता पर देश को है गर्व : दिग्विजय चौटाला
भास्कर न्यूज - चरखी दादरी
सुभाषचंद्र बोस जैसे नेता पर देश को गर्व है। सुभाषचंद्र जैसे नेता संस्कार में विरले ही पैदा होते हैं। ये बात इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने कही। वे गुरुवार को भिवानी रोड पर कृष्ण सांगवान द्वारा आयोजित सुभाषचंद्र जयंती पर बोल रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व सरपंच कुलदीप चरखी ने की।
युवा नेता ने कहा कि बोस ने आजाद हिंद फौज की स्थापना कर विदेशों में रहकर भारत के स्वतंत्रता संग्राम के लिए लड़ाई लड़ी। उनका एक ही सपना था की भारत आजाद हो और वो उन्होंने कर दिखाया। उन्होंने कहा कि ये बड़े दुख की बात है कि आज की सरकारों व सामाजिक संगठनों ने उनको भुला दिया है। इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि वे सुभाषचंद्र बोस को सम्मान दिलवाने के लिए इनेलो का साथ दें, ताकि सरकार बनने पर ऐसे महान नेताओं को उचित मान सम्मान दिया जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में शहीदों व स्वतंत्रता सेनानियों के साथ पूर्ण रूप से अनदेखी की जा रही है।
जनता व कर्मचारी अपने हक के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार सब कुछ जानते हुए भी अनजान बनी हुई है। युवा नेता ने कहा कि अब जनता कांग्रेस के कुशासन से तंग आ चुकी और इससे छुटकारा पाना चाहती है। इस अवसर पर राजदीप फौगाट, पं. मनफूल शर्मा, पूर्व विधायक रणबीर मंदोला, जितेंद्र शर्मा, जेपी छिल्लर सहित सैकड़ों लोग मौजूद थे।
> युवा नेता ने कहा कि नेताजी सुभाषचंद्र बोस ने आजाद हिंद फौज की स्थापना कर विदेशों में रहकर भारत के स्वतंत्रता संग्राम के लिए लड़ाई लड़ी