- Hindi News
- भूमि अर्जन अधिकारी से किसानों ने की शिकायत
भूमि अर्जन अधिकारी से किसानों ने की शिकायत
भास्कर न्यूज - फरीदाबाद
नहरपार सेक्टर-75/80 के तहत अधिग्रहण की गई जमीन का उचित मुआवजा न देने से क्षुब्ध किसान बुधवार को सेक्टर-12 भूमि अर्जन अधिकारी से उनके कार्यालय में मिले। किसानों ने एलएओ राजेंद्र सिंह गहलौत को अपनी समस्या बताई। मौके पर काफी किसान मौजूद थे। सभी ने अपने गुस्से का इजहार एलएओ के समक्ष किया।
एलएओ राजेंद्र सिंह गहलौत ने किसानों का मामला मुख्यालय में भेजने का आश्वासन दिया। याद रहे कि 25 जनवरी को चंडीगढ़ में सभी हुडा प्रशासक व एलएओ की मीटिंग होनी है। इस मीटिंग में किसानों का यह मुद्दा उठाया जाएगा। इसलिए किसानों को इस मीटिंग से काफी उम्मीद है।
नहरपार किसान संघर्ष समिति के कार्यकारी अध्यक्ष शिवदत्त वशिष्ठ ने एलएओ को बताया कि 25 जनवरी को चंडीगढ़ में होने वाली मीटिंग में जमीन अधिग्रहण का मुद्दा उठाया जाना चाहिए, क्योंकि नहरपार के पांच गांवों के किसानों ने अभी तक अपनी जमीन का मुआवजा नहीं उठाया है। इतना ही नहीं अभी तक किसानों ने कब्जा भी नहीं दिया है। किसान अपनी जमीन को लेकर पांच साल से संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नहर पार के भूमि अधिग्रहण का मुद्दा 25 जनवरी को होने वाली बैठक में रखेंगे।
वशिष्ठ ने कहा कि अगर सरकार किसानों को सर्कल रेट का चार गुना मुआवजा देती है तो वह धारा 18 के अन्तर्गत किए गए फैसले के खिलाफ पैसा बढ़ाने के लिए हाईकोर्ट में की गई प्रथम अपील को वापस लेने पर विचार कर सकते हैं। अभी केंद्र सरकार ने नया भूमि अधिग्रहण अधिनियम बनाया है, उसमें शहरी क्षेत्र में दो गुना व ग्रामीण क्षेत्र में चार गुना मुआवजा मिलने का प्रावधान है। वशिष्ठ के साथ एलएओ को मिलने वालों में रामपाल, घनश्याम, इन्द्राज, रमेश, इन्दर, ब्रहमदत्त, श्यामसुन्दर, महेन्द्र, नरेन्द्र, कंवर भान, सुमेश, प्रदीप, भीम सैन, मोहन सहित काफी लोग मौजूद थे।