पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंफरीदाबाद. बस, मेट्रो, लिफ्ट, बैंक एटीएम की लाइनों में किसी भी महिला के साथ छेड़छाड़ होती है तो अनदेखा न करें। इसकी सूचना तुरंत महिला हेल्प लाइन नंबर-1091 पर करें ताकि पुलिस आपकी सहायता कर सके। इतना ही नहीं किसी भी पार्टी या अन्य समारोह में महिलाएं पेय पदार्थ पर भी नजर रखें क्योंकि इसमें नशीली दवा भी मिलाई जा सकती है।
बल्लभगढ़ के मिल्क प्लांट रोड स्थित अग्रवाल कॉलेज में बुधवार को आयोजित एक कार्यक्रम में यह बात एसीपी पूनम दलाल ने कही। एसीपी दलाल यहां ‘बिल्डिंग ए सेफ सिटी फॉर वूमन’ अभियान के तहत महिलाओं से संवाद कर रही थीं। इस मौके पर महिला सेल बल्लभगढ़ की प्रभारी इंस्पेक्टर आशा, एसआई विजेन्द्र सिंह, एसआई सतनारायण, एसआई नवीन कुमार, इलाका चौकी इंचार्ज मुखराम, कॉलेज प्रबंधन से अशोक कुमार कौशिक, रीना चौधरी, पूनम आनंद व डॉ. केएल कौशिक ने समारोह में हिस्सा लिया।
एसीपी पूनम दलाल ने महिलाओं के प्रति हो रहे अपराध घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, बलात्कार, दहेज उत्पीडऩ आदि के लिए बने कानून में बदलाव की जानकारी दी। पूनम दलाल ने बताया कि जब भी कोई लड़की या महिला अपने साथ हुई छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराएगी तभी आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसको गिरफ्तार किया जाएगा। यदि महिला ही चुप लगा जाएगी तो पुलिस क्या कर सकती है। इसलिए महिलाएं ऐसे मनचलों के खिलाफ आवाज उठाएं। एसीपी ने महिलाओं की सुविधाओं के प्रति जारी की गई हेल्प लाइनों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पूरे फरीदाबाद में छात्रों व महिलाओं को सुरक्षित माहौल देने के लिए तीन पीसीआर पर महिला कर्मचारी नियुक्त कर दी हैं। थानों में महिलाओं की शिकायत दर्ज करने के लिए महिला पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की नियुक्ति व पूरे फरीदाबाद में तीन महिला सेल व फरीदाबाद कंट्रोल रूम में मोबाइल एप्लीकेशन आईएमसेफ नाम की सुविधा आरंभ की गई है। इनपर महिलाएं व छात्राएं अपनी शिकायत आसानी से बेझिझक दर्ज करा सकती हंै। महिलाओं को फ्री कानूनी सलाह दी जाएगी। महिलाओं को पूछताछ के लिए थानों में नहीं बुलाया जाएगा।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.