दो चोर अरेस्ट, 9 वाहन बरामद
फरीदाबाद - सीआईए सेक्टर-56 द्वारा अरेस्ट किए गए दो चोर व एक खरीददार से पुलिस टीम ने 9 वाहन बरामद कर लिए हैं और एक अन्य वारदात को भी सुलझा लिया है। यह जानकारी सीआईए सेक्टर-56 के इंचार्ज नरेंद्र कुमार ने बुधवार को अपनी यूनिट में दी। नरेंद्र कुमार ने बताया कि उनकी पुलिस टीम ने नदीम निवासी फतेहपुर तगा व राजू निवासी खजूरका थाना चांदहट जिला पलवल को 20 जनवरी को अरेस्ट किया था। पुलिस टीम ने इनके कब्जे से एक मोटरसाइकिल, मारूति वैन को भी बरामद किया था। यह दोनों वाहन आरोपियों ने एनआईटी व एसजीएम नगर थाने के इलाके से चोरी किए थे। इसके बाद पुलिस टीम ने इन दोनों को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान इन दोनों से पुलिस टीमों ने 4 मोटरसाइकिल, एक स्कूटी व पांच कार बरामद की। इतना ही नहीं इन दोनों से वाहन खरीदने वाले दिल्ली निवासी दलजीत को भी अरेस्ट किया गया। दलजीत की मायापुरी में दुकान है। वह इन दोनों से चोरी के वाहन खरीदता था। पुलिस ने चार मुकदमों में इन आरोपियों से 9 वाहन बरामद किए।
सीआईए सेक्टर-56 के इंचार्ज नरेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों आरोपी व चोरी के वाहन खरीदने वाला दलजीत कोडवर्ड में बात करते थे ताकि किसी को शक न हो। इसके अलावा इनसे एक अन्य वारदात को भी सुलझाकर तीन कैमरे, एक आई-पॉड व एक मोबाइल फोन बरामद किया।