पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • गायब युवक का शव नाले में मिला, जाम

गायब युवक का शव नाले में मिला, जाम

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

पलवल. करीब 10 दिन से लापता एक युवक का शव पलवल-अलीगढ़ रोड पर नाले में पड़ा मिला। शव मिलने से गुस्साए लोगों ने पलवल-अलीगढ़ रोड पर जाम लगा दिया। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। कैंप व सदर पुलिस को जाम की सूचना मिली तो मौके पर पहुंच गई। डीएसपी हेडक्वार्टर जयबीर राठी और डीएसपी अनिल कुमार मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।

पुलिस ने शव को नाले से निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल ले गई। पुलिस ने मृतक के पिता के बयान पर दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सिहोल निवासी अजीतसिंह ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि 13 जनवरी को उनके पुत्र राजकुमार उर्फ राजू को गांव के राजबीर व राघविंद्र घर से बुलाकर ले गए थे।

जब देर शाम तक उनका पुत्र वापस नहीं आया तो उन्होंने दोनों से पूछा। लेकिन उन्होंने कुछ नहीं बताया। 18 जनवरी को उन्होंने दोनों आरोपियों के खिलाफ शिकायत दी। उन्होंने 16 जनवरी को अपने पुत्र के मोबाइल पर फोन किया तो उस पर पूछने पर बताया कि वह खैर थाने से आरके शर्मा सब इंस्पेक्टर बोल रहे हैं। यह फोन किसी को रोड पर पड़ा हुआ मिला तो उसने थाने में जमा करा दिया। वे खैर थाने गए लेकिन वहां उनके पुत्र के बारे में कुछ पता नहीं चला।

आरोप है कि 21 जनवरी को राजबीर ने उन्हें देख लेने की धमकी दी। बुधवार को अलीगढ़ रोड पर नाले में उनके पुत्र का शव मिला। उन्होंने आशंका जताई है कि उनके पुत्र का अपहरण कर दोनों आरोपियों ने उसकी हत्या कर शव को नाले में डाल दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपहरण और हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

चांदहट एसएचओ जसबीर के अनुसार पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। दोनों फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है। आरोपियों के पकड़े जाने के बाद ही पता चल सकेगा कि मृतक राजकुमार की हत्या क्यों और किस लिए की गई।