अशक्त लोगों की सेवा पुण्य : भड़ाना
फरीदाबाद - गरीब, असहाय एवं असमर्थ लोगों की सेवा सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है। इसलिए हम सभी को ऐसे कार्यों में अपनी भागीदारी निभानी चाहिए। यह आह्वान पाली क्रेशर जोन के अध्यक्ष एवं जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष धर्मवीर भड़ाना ने किया। वे शुक्रवार को पटेल चौक पर आयोजित कार्यक्रम में शारीरिक रूप से कमजोर गणेश कुमार को कृत्रिम पैर व अंकित कुमार को ट्राइसाइकिल प्रदान कर रहे थे। भड़ाना ने कहा कि गणेश व अंकित जैसे शारीरिक रूप से कमजोर लोगों के दुख को हम सभी इनकी मदद कर दूर कर सकते हैं। गणेश कुमार कृत्रिम अंग मिलने से शारीरिक रूप से सक्षम होने पर कुछ काम धंधा कर अपनी रोजी रोटी चला सकते हैं। इसी तरह अंकित भी ट्राइसाइकिल मिलने से कुछ कार्य कर सकेंगे। इस मौके पर आरडी सागर, आरसी भगौरिया, फिरोज खान, राम पाल, डा. आरके गुप्ता, राव दिलीप सिंह, चौ. अतर सिंह, दया राम, याशीन खान आदि मौजूद थे।