शव मिला, हत्या का केस दर्ज
भास्कर न्यूज - फरीदाबाद
पर्वतीया कॉलोनी डिस्पोजल के पास मिले युवक के शव के मामले में शुक्रवार को सारन थाना पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया। परिजनों ने शुक्रवार को सारन थाने में शोर शराबा किया था और हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर कुछ युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दो युवकों की पहचान हो गई है। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार संजय कॉलोनी गली नंबर ४२ में रहने वाले रमेशचंद मजदूरी करते हैं। उनका १९ साल का बेटा चंदन दो दिन पहले घर से गया था। इसके बाद चंदन का कहीं पता नहीं लगा। गुरुवार को पुलिस को सूचना मिली कि पर्वतीया कॉलोनी के डिस्पोजल के पास एक युवक का शव पड़ा है। शेष पेज-1६
पुलिस ने शव को शिनाख्त व पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल में रखवाया। शुक्रवार को शव की शिनाख्त चंदन के रूप में हुई। चंदन के पिता रमेशचंद का आरोप है कि उनके बेटे को एक युवक घर से बुलाकर ले गया था। इसके बाद इसकी हत्या कर दी गई। रमेशचंद ने पुलिस के समक्ष नरेश, गुड्डू व ५/७ अन्य पर उनके बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया है। सारन थाना प्रभारी हेमंत कुमार का कहना है कि चंदन के पैर व हाथ पर चोट के निशान थे। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ की जाएगी।