विभिन्न घटनाओं में चार की मौत
भास्कर न्यूज - पलवल
अलग-अलग जगह विभिन्न कारणों से जिले में 4 लोगों की मौत हो गई। पोस्टमार्टम कराकर पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिए। पुलिस मामलों की जांच कर रही है। रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। उसकी पहचान गांव नीमका निवासी विशाल के रूप में हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। उधर, माहोली गांव निवासी रणधीर का शव पेड़ से लटका मिला। पिता गंगाराम ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि उनका लड़का रणधीर दिमागी रूप से परेशान रहता था। 22 जनवरी को वह अचानक लापता हो गया। इसके बाद जब उसकी तलाश की जा रही थी तो पता चला कि भिडूकी के पास गौं\\\'छी ड्रेन के पास पेड़ पर किसी व्यक्ति का शव लटका हुआ है। वे मौके पर पहुंचे और मृतक की पहचान रणधीर के रूप में की। उधर, एक जेबीटी छात्र की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। आली ब्राह्मण निवासी राजीव ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि उनका भाई नकुल भिवानी से जेबीटी कर रहा था। उनके पिता का 122 गज का एक प्लाट पलवल की कृष्णा कॉलोनी में है। उस पर कुछ लोगों ने कब्जा कर रखा है। राजीव के अनुसार उन्हें 22 जनवरी को पता चला कि उनके भाई नकुल को जहरीला पदार्थ खाने के बाद होडल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। 23 जनवरी को नकुल की मौत हो गई। उन्होंने आशंका जताई है कि प्लाट पर कब्जा करने वालों ने नकुल का जहर खिलाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।