- Hindi News
- पुलिस जांच में खुलासा : सुसाइड को बताया था मर्डर
पुलिस जांच में खुलासा : सुसाइड को बताया था मर्डर
भास्कर न्यूज - फरीदाबाद
मुजेसर थाने के तहत 25 जनवरी को दर्ज किया गया मर्डर का मामला झूठा पाया गया है। मरने वाले युवक की अपने भाई से मोबाइल खराब होने को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसके बाद उसने गोली मारकर सुसाइड कर लिया। इस मामले में अहम बात यह है कि मृतक के भाइयों ने यह बात छुपा ली और पुलिस को बताया कि उनके भाई की किसी ने हत्या कर दी है और शव को एक खाली मैदान में फेंक दिया है। पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के सिर से डॉक्टरों ने गोली निकाली। इसके बाद मामला खुला। अब पुलिस इस मामले को छुपाने वाले मृतक के दोनों भाइयों के खिलाफ मामला दर्ज करने की तैयारी कर रही है।
क्या बताया था भाई ने : झुग्गी नंबर-20 नियर दयानंद स्कूल सेक्टर-23 निवासी मुकेश कुमार ने 25 जनवरी को मुजेसर थाने में दी शिकायत में बताया था कि वह घर पर ही काम करता है। उसका भाई धर्मेंद्र अवैध शराब बेचने का काम करता था और पीता भी था। उसने धर्मेंद्र को अवैध शराब बेचने व पीने से कई बार रोका भी था लेकिन वह नहीं मानता था। 25 जनवरी को धर्मेंद्र सुबह से शराब पी रहा था। वह करीब 2 बजे अपने घर से निकल गया था। मुकेश अपने भाई धर्मेंद्र की तलाश करने के लिए राधा-कृष्ण मन्दिर सेक्टर-22 के पीछे पहुंचे तो वहां वह बेहोश पड़ा था। धर्मेंद्र के सिर पर काफी चोट थी और खून निकल रहा था। उसने भाई को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां डॉक्टर के न होने के कारण उसे बीके अस्पताल में भर्ती कराया गया, वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मुजेसर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। मृतक के भाइयों ने पुलिस को यह नहीं बताया था कि उसके सिर में गोली लगी है।
क्या आया जांच में
मामले की जांच करने वाले एएसआई विनोद कुमार ने बताया कि धर्मेंद्र का शव जहां पड़ा था, वहां खून के निशान नहीं थे जबकि मृतक का सिर खून से सना हुआ था। इसके बाद जब बीके अस्पताल में धर्मेंद्र का पोस्टमार्टम कराया गया तो सिर के अंदर गोली मिली। इसके बाद उन्होंने धर्मेंद्र के भाई मुकेश व जीतू से पूछताछ की। सख्ती से की गई पूछताछ में दोनों भाइयों ने सच उगल दिया। इन दोनों ने पुलिस को बताया कि धर्मेंद्र व उसके भाई देवा के बीच मोबाइल फोन खराब करने को लेकर कहासुनी हो गई थी। 25 जनवरी को धर्मेंद्र ने शराब पी हुई थी। उसने कमरे में जाकर देशी पिस्टल से अपनी कनपटी पर गोली मारकर सुसाइड कर लिया। वह डर गए थे। इसलिए पुलिस को खाली मैदान में धर्मेंद्र का शव मिलने की सूचना दी। जांच अधिकारी विनोद कुमार का कहना है कि मनोज व जीतू ने पुलिस को झूठी सूचना दी और अपराध को छुपाया। इसलिए इन दोनों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।