जानलेवा हमले में 5 साल की सजा
भास्कर न्यूज - फरीदाबाद
जानलेवा हमले के आरोप में सेशन जज दर्शन सिंह की कोर्ट ने सोमवार को एक दोषी को 5 साल की सजा सुनाई। कोर्ट ने दोषी पर 15 हजार रुपए का जुर्माना किया। कोर्ट ने यह भी कहा है कि जुर्माने की राशि में से 10 हजार रुपए पीडि़त के पास जाएंगे। झाड़सेंतली गांव में रहने वाले एक व्यक्ति ने 27 जनवरी 2013 को सेक्टर-55 थाने में दी शिकायत में बताया कि वह एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। उनकी 16 साल की बेटी के साथ पड़ोस में रहने वाला लेखराज अश्लील हरकतें करता था और फब्तियां कसता था।
कई दिन तक उनकी बेटी चुप रही लेकिन जब उससे सहन नहीं हुआ तो उसने इस बारे में उनको बताया। 27 जनवरी को शिकायत करने के लिए वह लेखराज के घर जा रहे थे तो रास्ते में उनको वह मिल गया। वह लेखराज को समझाने लगे तो उसने गाली-गलौच की और धमकी देकर भाग गया। इसके बाद वे अपने घर चले गए। करीब एक घंटे बाद लेखराज रॉड लेकर उनके घर में घुस गया और उन पर जानलेवा हमला बोल दिया। इसके बाद उसने उनको धमकी दी।