7 फरवरी को किसानों के लिए रोकेंगे रेल
भास्कर न्यूज - फरीदाबाद
किसानों के अधिकारों को लेकर अब न केवल धरना दिया जाएगा बल्कि 7 फरवरी को किसान आक्रोश दिवस के रूप में बल्लभगढ़ रेलवे स्टेशन पर जाकर रेल को रोकेंगे। यह बात भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य पं मूलचंद शर्मा ने सेक्टर-7/10 स्थित बीजेपी कार्यालय में कही। इस मौके पर इनके साथ प्रदेश सचिव शिवदत्त वशिष्ठ व जिलाध्यक्ष नयनपाल रावत सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। सोमवार को भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं की एक बैठक सेक्टर-7/10 स्थित बीजेपी के कार्यालय में हुई। यह बैठक किसान मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य व पलवल के प्रभारी पं. मूलचन्द शर्मा की अध्यक्षता में हुई। शर्मा ने बताया कि बैठक का आयोजन रेवाड़ी में हुई प्रदेश स्तरीय बैठक में हुए फैसलों की जानकारी कार्यकर्ताओं को देने के लिए किया गया। बैठक में शर्मा ने कार्यकर्ताओं को बताया कि 30 जनवरी को भाजपा किसान मोर्चा किसान अधिकार दिवस के रूप में मनाएगा। इस मौके पर जिला मुख्यालय पर किसानों के अधिकारों को लेकर एक दिवसीय धरना दिया जाएगा। इसमें मंडियों में व्यवस्था सही करना, गेहूं का समर्थन मूल्य 2100/- रुपए प्रति क्विंटल करना, धान, गन्ना, सरसों का समर्थन मूल्य को बढ़ाना, किसानों के ब\\\'चों का रोजगार दिलाना, शहर में बढ़ती लूटपाट व चोरी की घटनाओं को रोकना, व शहर में सफाई व्यवस्था न होना, बिजली पानी की कमी होने सहित अन्य मुद्दों पर धरना दिया जाएगा। इसके बाद 7 फरवरी को किसान आक्रोश दिवस के रूप में मनाएगी और इसी दिन सभी कार्यकर्ता बल्लबगढ़ अनाज मण्डी में इकट्ठे होंगे। इसके बाद वहां से मार्च करते हुए बल्लभगढ़ रेलवे स्टेशन तक जाएंगे व ट्रेन रोकेंगे। इस कार्यक्रम में फरीदाबाद, पलवल व मेवात जिले के कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे।
बैठक में पूर्व सरपंच भगवत, बृजलाल शर्मा, अभिषेक राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य किसान मोर्चा, अशोक कुमार, टिपरचन्द, प्रदीप, यादू पन्हैडा, जल सिंह, नरेश अन्य लोग मौजूद थे।