देश की अखंडता का लिया संकल्प
भास्कर न्यूज - फरीदाबाद
गणतंत्र दिवस शहर में धूमधाम से मनाया गया। सेक्टर-12 स्थित खेल परिसर में हर्षोल्लास के साथ समारोह मनाया गया। हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण किया। मार्चपास्ट की सलामी भी ली। सेक्टर-12 में ही स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र चढ़ाकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर नमन किया।
एकजुट होने का संकल्प
इस अवसर पर मुख्यातिथि ने कहा कि हमारा देश 15 अगस्त 1947 को अंग्रेजी कुशासन के चंगुल से मुक्त होकर आजाद तो हो गया था लेकिन सही मायने में हमें आजादी 26 जनवरी 1950 को मिली। इस दिन बाबा साहब डा. भीम राव अंबेडकर के नेतृत्व में बनाया गया संविधान लागू किया गया। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे गणतंत्र दिवस पर राष्ट्र की एकता व अखंडता को बनाए रखने और देश व प्रदेश की खुशहाली के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लें।
इनको किया सम्मानित
समारोह में जिले से आजाद हिंद फौज के स्वतंत्रता सेनानियों, सैन्य एवं युद्ध विधवाओं, उत्तराखंड आपदा में सहायता भेजने वाली समाजसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों, जिला रेडक्रास सोसायटी को सहयोग देने वाले समाजसेवियों, पुलिस व जिला प्रशासन में उत्कृष्ट सेवाओं सहित योगदान देने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों व जल संरक्षण में अनूठी भूमिका निभाने वाली छह ग्राम पंचायतों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
इसके अलावा समारोह में शानदार मार्च पास्ट के लिए हरियाणा पुलिस की पुरुषों की टुकड़ी को प्रथम, हरियाणा पुलिस की महिला टुकड़ी को द्वितीय व हरियाणा होम गार्ड व गल्र्स गाइड कंपनी की टुकड़ी को तृतीय स्थान पर आने के लिए पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। समारोह में प्रदर्शित की गई 22 झांकियों में से जिला रेडक्रास सोसायटी की झांकी को पहले, बाल भवन की झांकी को दूसरे व हुडा व हरियाणा पुलिस की झांकी को तीसरे स्थान के लिए पुरस्कृत किया गया। समारोह में प्रस्तुत किए गए पांच सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए सभी स्कूलों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
बल्लभगढ़ में मना समारोह
बल्लभगढ़ के एसडीएम जितेंद्र दहिया ने दशहरा मैदान में गणतंत्र दिवस पर ध्वजारोहण किया। इस मौके पर उन्होंने मार्चपास्ट की सलामी ली। देश के उन शहीदों को याद किया, जिनकी बदौलत देशवासी आज आजादी की खुली हवा में सांस ले रहे हैं। कार्यक्रम से पूर्व एसडीएम ने बल्लभगढ़ के राजा नाहर सिंह पार्क में शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र चढ़ाकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर नमन किया। समारोह के दौरान मार्चपास्ट में एनसीसी अग्रवाल कालेज प्रथम, राजकीय आदर्श कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की गल्र्स गाइड द्वितीय व सांस्कृतिक कार्यक्रमों में नवोदय स्कूल मोठूका प्रथम, अग्रवाल कालेज द्वितीय व मोठूका स्थित विद्यासागर इंटरनेशनल स्कूल को तृतीय स्थान प्राप्त करने सहित स्वतंत्रता सेनानियों, उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों, पुलिस विभाग के जवानों को सम्मानित किया गया। झांकियों में एसडीएम ने राजकीय आदर्श कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, द्वितीय ग्राम पंचायत नवादा-तिगांव को सम्मानित किया। इस मौके पर रावल संस्था द्वारा संचालित विभिन्न कॉलेज व स्कूल के छात्रों को उनके उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम के लिए सम्मानित किया गया। इसमें रावल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नॉलॉजी के प्रेम प्रकाश को यूनिवर्सिटी में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर व छात्र असलम वानी को बीएचएम में यूनिवर्सिटी में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। रावल स्कूल की दसवीं कक्षा की छात्रा समीक्षा सिंह को जिले में प्रथम स्थान व रेखा कुमारी को 102 साइंस में जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर एसडीएम ने स्वतंत्रता सेनानियों व विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट कार्य करने वालों को भी सम्मानित किया।
शहीदों को किया नमन
पाली क्रेशर जोन में गणतंत्र दिवस समारोह मनाया गया। इसमें मुख्यातिथि भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिला संयोजक संजीव अरोड़ा ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने कहा कि देश को आजाद कराने में हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने प्राणों की आहुतियां दी हैं। उन्हीं की कुर्बानी की बदौलत आज हम खुली हवा में सांस ले रहे हैं। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे आज ऐसा जनप्रतिनिधि चुनने का संकल्प लें जो उनके विकास के साथ-साथ उनके हितों की भी रक्षा कर सके।
गरीबों में बांटे कंबल
सेक्टर-19 वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से भाई परमानंद पार्क में लोगों ने गणतंत्र दिवस मनाया। मुख्यातिथि के रूप में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं पूर्व पार्षद लखन कुमार सिंगला व वार्ड नंबर 25 के पार्षद रोहित सिंगला ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि इस मौके पर देश की एकता व अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लेना होगा। जिससे हमारा देश व समाज उन्नति की राह पर अग्रसर रहे। इस मौके पर सिंगला ने लगभग 1000 जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए। इस मौके पर कार्यक्रम के आयोजक विपुल त्रिखा, दिनेश गर्ग, संदीप वर्मा ने लखन सिंगला व रोहित सिंगला का शॉल व स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।
जाना मरीजों का हाल
माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण पोषण अधिनियम के तहत गठित ट्रिब्यूनल के सदस्य अनीशपाल के कार्यालय में गणतंत्र समारोह मनाया। मुख्य अतिथि अनीशपाल ने ध्वजारोहण कर फरीदाबाद सहित समस्त देशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर ट्रिब्यूनल टीम ने अनीशपाल के नेतृत्व में बीके अस्पताल का दौरा कर मरीजों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी। मरीजों में फलों का वितरण भी किया। उधर सेक्टर-29 की रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन ने शहीदों का नमन किया।
सूर्य नमस्कार का प्रदर्शन
गणतंत्र दिवस के मौके पर गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल पन्हेड़ाखुर्द में रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अध्यक्षता प्रिंसिपल शशि बाला ने की। ध्वजारोहण स्कूल मैनेजमेंट कमेटी के अध्यक्ष ओमदत्त शर्मा ने किया। डीपीई सुशील भड़ाना के नेतृत्व में छात्रों ने सूर्य नमस्कार और योग का प्रदर्शन किया। मंच संचालन मास्टर वीरपाल ने किया। बारहवीं कक्षा की छात्रा कोमल ने भारतीय संविधान पर प्रकाश डाला।
वीर सेनानियों को किया याद
संजय कॉलोनी सेक्टर-23 में डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेमोरियल ट्रस्ट ने गणतंत्र दिवस मनाया। इस मौके पर भोजपुरी गीत संगीत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपमहापौर राजेंद्र भामला थे। इस मौके पर ट्रस्ट के चेयरमैन बेचू गिरि, अध्यक्ष उमेश सिंह, महासचिव अरुण कुमार सिंह, विनोद गिरि, अजीत सिंह, शिव सागर सिंह, दिनेश सिंह, बिनोद ठाकुर, प्रणव शुक्ला, आचार्य सर्वेश पांडे सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।
हरियाणवी संस्कृति की झलक
गवर्नमेंट प्राइमरी स्कूल अजरौंदा में गणतंत्र दिवस पर हरियाणवी गीत संगीत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता हेड टीचर व राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष चतर सिंह ने की। ध्वजारोहण एसएमसी कमेटी की अध्यक्ष मंजू ने किया। इस मौके पर भाषण, कविता और देशभक्ति गीत सुना छात्रों ने समा बांध दी।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों से श्रद्धांजलि
ह्यूमन लीगल एंड क्राइम कंट्रोल आर्गनाइजेशन के तत्वावधान में सेक्टर-11डी स्थित डा. कर्मवीर पब्लिक स्कूल में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें ब\\\'चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
ध्वजारोहण मुख्यातिथि मनधीर सिंह मान ने किया। उन्होंने 60 ब\\\'चों को इनाम दिए।