- Hindi News
- जिले की 10 ग्राम पंचायतों को जल संरक्षण अवार्ड
जिले की 10 ग्राम पंचायतों को जल संरक्षण अवार्ड
भास्कर न्यूज - पलवल
हरियाणा की जनस्वास्थ्य मंत्री किरण चौधरी ने जल संरक्षण में उत्कृष्ट कार्य करने वाली जिले की 10 ग्राम पंचायतों को जल संरक्षण अवार्ड व नगद इनाम देकर सम्मानित किया। जिन पंचायतों को पुरस्कार मिला उनमें गुरवाड़ी, एफ खेड़ला, एफ मीसा, चांदपुर, ककड़ीपुर, गोपीखेड़ा, डाढौता, पहाड़ी, खिरबी व रामगढ़ आदि ने अपने-अपने गांव में प्रत्येक नल पर टेप लगाने का काम किया। इसके साथ ही गांव में पेयजल के 75 प्रतिशत कनेक्शन वैध कराए हैं। इन ग्राम पंचायतों ने लोगों को पेयजल बचाने के उपायों की जानकारी दी और जागरूक किया। ग्राम पंचायतों ने अपने-अपने गांव में जल बचाओ के बारे में समय-समय पर अभियान चलाकर जागरूक किया। जिससे लोगों में जल बचाने की रुचि बढ़ी।
जनस्वास्थ्य मंत्री ने अन्य ग्राम पंचायतों से भी आग्रह किया कि वे भी गांवों में जल बचाओ अभियान चलाकर लोगों को जल संरक्षण के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के सराहनीय कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों को सम्मानित किया जाएगा। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता फैजल इब्राहीम ने बताया कि पिछले वर्ष भी जिले की 12 ग्राम पंचायतों को जल संरक्षण अवार्ड देकर सम्मानित किया गया था। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण को लेकर जिले में विभाग द्वारा अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान के तहत लोगों को जल संरक्षण के साथ-साथ पेयजल की जांच करने, पेयजल का प्रबंध व रखरखाव ग्राम पंचायतों के अधीन करने के बारे में जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के लिए जनस्वास्थ्य विभाग में जल एवं स्व\\\'छता सहायक संगठन के तहत एक जिला परामर्शदाता व पांच खंड समन्वयक नियुक्त किए गए हैं जो प्रत्येक गांव में जल बचाओ के बारे में विशेष जानकारी देकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं।