पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • सूरजकुंड मेला: स्वास्थ्य कर्मियों की छुट्टियां रद्द

सूरजकुंड मेला: स्वास्थ्य कर्मियों की छुट्टियां रद्द

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - फरीदाबाद
अंतर्राष्ट्रीय सूरजकुंड मेले को लेकर स्वास्थ्य कर्मचारियों व डॉक्टरों की छुट्टी रद्द कर दी गई है। मेले में ड्यूटी पर तैनात किसी भी को 15 फरवरी तक छुट्टी नहीं दी जाएगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से यह कदम उठाया गया है। इस संबंध में सिविल सर्जन डा. रामेंद्र सिंह ने निर्देश जारी कर दिए। इसके अलावा मेले में एचआईवी, स्वाइन फ्लू जैसी बीमारियों पर जागरूकता के लिए अवेयरनेस पर भी जोर दिया जाएगा। मेला परिसर में होर्डिंग लगाए जाएंगे।
क्या है रणनीति
एक से 15 फरवरी तक आपात स्थिति में स्वास्थ्य सेवा देने के लिए विभाग ने डॉक्टरों की ड्यूटी लगा दी है। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. शशि गांधी को नोडल आफिसर बनाया गया है। मेले में तीन अस्थाई डिस्पेंसरी बनाई जाएंगी। इसमें से दो डिस्पेंसरी मेला परिसर के अंदर होंगी व तीसरी परिसर के बाहर। इसके अलावा अलग-अलग जगह कलाकारों के ठहरने के स्थानों पर प्राथमिक उपचार केंद्र बनाए जाएंगे। विभाग ने मेले के लिए दो एंबुलेंस तैनात कर दी हैं। ये 24 घंटे सुविधा देंगी।
भरे जाएंगे नमूने
सूरजकुंड मेले में लगाए जाने वाले हर खाद्य पदार्थ के लिए विभाग की तरफ से प्रत्येक स्टाल का अस्थायी पंजीकरण किया जाएगा। विभाग की टीम गड़बड़ की आशंका होने पर खाद्य पदार्थ के नमूने लेगी। इसके लिए फूड स्टालों का पंजीकरण व नमूने लेने के लिए डॉ. पीसी आर्य के नेतृत्व में टीम बना दी गई है। फूड स्टालों पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की जाएगी। खाद्य पदार्थ के नमूने लिए जाएंगे ।
एचआईवी काउंसलिंग सेंटर
मेले में आए पर्यटकों को एचआईवी-एड्स व स्वाइन फ्लू के प्रति भी जागरूक किया जाएगा। इसके लिए परिसर में एक स्टॉल भी लगाई जाएगी। यहां लोगों की काउंसलिंग के साथ-साथ टेस्टिंग भी की जाएगी। पंपलेट्स व नुक्कड़ नाटक के जरिए भी मेले में आए मेहमानों को इस जानलेवा बीमारी से बचाव की जानकारी दी जाएगी। प्रोग्राम आफिसर डॉ. बीना शर्मा ने कहा कि मेले के लिए काउंसलर व लैब तकनीशियन की ड्यूटी भी लगा दी गई है।