- Hindi News
- मांस की दुकानें शहर से बाहर नहीं हुईं तो प्रदर्शन
मांस की दुकानें शहर से बाहर नहीं हुईं तो प्रदर्शन
भास्कर न्यूज - पलवल
शहर के अंदर चल रही मांस विक्रेताओं की दुकानों को अगर 22 फरवरी तक शहर से बाहर नहीं किया गया तो पशु-पक्षी कष्ट निवारण समिति कैंप में स्थित मांस की दुकानों के सामने प्रदर्शन करेगी। यह घोषणा समिति के प्रधान स्वामी श्रद्धानंद सरस्वती ने बुधवार को जवाहर नगर कैंप आर्य समाज मंदिर में आयोजित पत्रकार वार्ता में की। उन्होंने कहा 22 फरवरी तक प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की तो अनशन शुरू किया जाएगा। इसकी तिथि की घोषणा 22 फरवरी को कर दी जाएगी। उन्होंने सभी धार्मिक, सामाजिक, राजनीतिक, युवा संगठनों से अपील की है कि वे बढ़चढ़ कर इसमें सहयोग करें। इस मौके पर जवाहर नगर कैंप मार्केट के प्रधान दिनेश आर्य, संदीप गोयल, डॉ. डीपी आर्य, जयप्रकाश आर्य, अशोक आर्य, नारायणसिंह आर्य, वीके आर्य, चंद्रपाल आर्य, दीपक मित्तल, रोहित मित्तल आदि मौजूद थे। आर्य समाज कैंप व लायंस क्लब पलवल डायमंड ने भी समर्थन दिए जाने की घोषणा की है।
क्लब के पूर्व अध्यक्ष व डिस्ट्रिक्ट एक्जीक्यूटिव संजीव मंगला एडवोकेट ने कहा है कि मांस की दुकानों को प्रशासन जानबूझ कर बाहर नहीं भेज रहा है।