नौकरी के नाम पर ठगी करने वाला गिरफ्तार
भास्कर न्यूज - पलवल
महिला हेल्प लाइन के नाम से फर्जी संस्था बनाकर युवकों से नौकरी के नाम पर रुपए लेकर धोखाधड़ी करने के आरोप में कैंप पुलिस ने एक युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। औरंगाबाद निवासी रूपेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह दसवीं पास है और बेरोजगार है। वह नौकरी की तलाश में थे।
दिसंबर में उनकी मुलाकात गांव के सुरेंद्र से हुई। उसने उनसे पूछा था कि वह क्या कर रहा है। तब उन्होंने कहा था कि वह नौकरी की तलाश में है। इस पर उसने उनसे कहा कि वह उसे वूमेन हेल्प लाइन में नौकरी दिला देगा। लेकिन इसके लिए उसे रुपए देने होंगे। उसने उसे अपने तथा अपने ताऊ के लड़के विक्रम की नौकरी के लिए 25 हजार और 20 हजार रुपए दे दिए थे। आरोप है कि सुरेंद्र ने महिला हेल्प लाइन के पहचान पत्र बनाकर दे दिया। उस पर संस्था की मुहर लगी थी। आरोप है कि सुरेंद्र ने जब पहचान पत्र दिए तो उनसे कहा कि वह जितने संस्था के \\\'यादा से \\\'यादा मेंबर बनाएंगे उसी प्रकार उन्हें पद दे दिए जाएंगे। शुरू में 11 हजार रुपए सैलरी मिलेगी। आरोपी ने उनसे कहा था कि इसका इंचार्ज उनका मामा है।
शक होने पर उन्होंने मालूम किया तो पता चला कि इस नाम की कोई संस्था नहीं है। आरोपी से रुपए वापस मांगे तो उसने देने से इंकार कर दिया। आरोपी ने अन्य लड़कों से नौकरी का झांसा देकर रुपए ठगे हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। एसपी राकेश आर्य के अनुसार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। इसके बाद ही पता चल सकेगा कि इस काम में कौन-कौन लोग हैं।