कांग्रेस जनाकांक्षाओं पर असफल : अरोड़ा
भास्कर न्यूज - फरीदाबाद
कांग्रेस सरकार जनआकांक्षाओं पर पूरी तरह से असफल साबित हुई है। इसके शासन में लोगों को बिजली, पानी, सड़कें, सीवरेज जैसी मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। ऐसे में इस सरकार को सत्ता में रहने का कोई हक नहीं है। यह बात भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिला संयोजक संजीव अरोड़ा ने कही। वे गुरुवार को बडख़ल क्षेत्र के श्याम नगर में आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, इतिहास गवाह है कि आजादी के बाद देश में सर्वाधिक शासन कांग्रेस पार्टी ने किया है। लेकिन इसके बावजूद हमारा देश आज विकास के मामले में कोसों पीछे है। चुनाव को नजदीक आता देख कांग्रेस के जनप्रतिनिधि लोगों को विकास के बड़े-बड़े सब्जबाग दिखाकर बरगलाने का कार्य कर रहे हैं। अरोड़ा ने कहा देश व प्रदेश में नरेंद्र मोदी की लहर चल रही है। आज गांव और शहरों से भाजपा को सत्ता में लाने व नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने की आवाज उठ रही है। आने वाले चुनाव में भाजपा बहुमत लाकर सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर झुग्गी बस्तियों को पक्का कर उन्हें नियमित किया जाएगा। साथ ही उन्हें सभी प्रकार की बुनियादी सुविधाएं भी मुहैया कराई जाएंगी। इस मौके पर मोहनलाल, कुलदीप, चिरंजीलाल, मोहन, बबलू, मलखान, चमनलाल, जयपाल, कल्याण सिंह, बाबूराम, नेमचंद, फूलवती, हरिराम, महेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।