- Hindi News
- मांगों के लिए लघु सचिवालय पर गरजे श्रमिक
मांगों के लिए लघु सचिवालय पर गरजे श्रमिक
भास्कर न्यूज - फरीदाबाद
सेक्टर १२ स्थित लघु सचिवालय पर हिंद मजदूर सभा ने धरना दिया, सरकारी विरोधी नारे लगाए और अपनी मांगों के लिए जमकर नारेबाजी की। सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। सभा के महासचिव आर डी यादव ने कहा कि श्रमिकों के हितों से खिलवाड़ किया जा रहा है। इसे किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार ने ८१०० रुपए श्रमिकों को देने की घोषणा की थी, लेकिन इससे मुकर गई। उद्यमियों के दबाव में सरकार आ गई। श्रमिकों को १५ हजार रुपए इस महंगाई के युग में मिलना चाहिए। लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। मांगों पर गौर नहीं किया गया तो धरना प्रदर्शन का सहारा लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अनुबंध पर रखे गए सभी को नियमित करना चाहिए। सभा ने अनुबंध प्रथा समाप्त करने की मांग की है। श्रम कानूनों को ताक पर रख दिया गया है। सरकार को इसके लिए गंभीर होने की जरूरत है। इसके पूर्व नीलम चौक से जुलूस की शक्ल में बड़ी संख्या में श्रमिक सेक्टर १२ स्थित लघु सचिवालय पर पहुंचे। वहां सरकार के खिलाफ सभी ने जमकर नारेबाजी की। इस मौके पर एस डी त्यागी, सुरेंद्र लाल, डी एन मिश्रा, उमेश गुप्ता, वजीर डागर सहित बड़ी संख्या में श्रमिक नेता मौजूद थे।