- Hindi News
- क्राइम ब्रांच को सौंपा गया सुनंदा का मामला
क्राइम ब्रांच को सौंपा गया सुनंदा का मामला
एजेंसी - नई दिल्ली
केंद्रीय मंत्री शशि थरूर की पत्नी सुनंदा पुष्कर की मौत का मामला दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया है। अब तक इस मामले की जांच एसडीएम आलोक शर्मा कर रहे थे। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट देखने के बाद उन्होंने मंगलवार को यह जिम्मेदारी दिल्ली पुलिस को सौंप दी थी। दिल्ली के पांच सितारा होटल लीला के कमरा नंबर 345 में 17 जनवरी की रात साढ़े आठ बजे के करीब सुनंदा मृत पाई गईं थीं। उनके शव की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत को ‘अप्राकृतिक’ बताया गया है। उनके शरीर में दो दवाओं के ओवरडोज के लक्षण पाए गए हैं। एक-अल्प्राजोलम। दूसरी-एक्सेड्रिन। अल्प्राजोलम तनाव दूर करने की दवा है। एक्सेड्रिन सिर दर्द और माइग्रेन की दवा है। शुरुआती तौर पर इन दोनों दवाओं के मिक्स ओवरडोज को ही मौत की वजह माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सुनंदा के शरीर पर करीब एक दर्जन घाव के निशानों का जिक्र है। बाएं हाथ की हथेली पर दांत से काटे जाने का निशान भी बताया गया है। एसडीएम ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि मौत तीन वजहें संभावित हैं-आत्महत्या, दुर्घटना या हत्या। पुलिस को तीनों एंगल से जांच करनी चाहिए।