- Hindi News
- चुनाव में खंडित जनादेश के आसार: अजित सिंह
चुनाव में खंडित जनादेश के आसार: अजित सिंह
एजेंसी - नई दिल्ली
यूपीए के घटक राष्ट्रीय लोक दल ((रालोद)) ने चुनाव पूर्व सर्वेक्षणों को खारिज करते हुए कहा है कि आगामी लोकसभा चुनाव में खंडित जनादेश की प्रबल संभावना है। ऐसी स्थिति में अन्य दलों की भूमिका काफी महत्वपूर्ण रहने वाली है। रालोद प्रमुख और केंद्रीय नागर विमानन मंत्री चौधरी अजित सिंह ने सोमवार को यहां अपने आवास पर संवाददाताओं से कहा, ‘चुनाव पूर्व सर्वेक्षण इस विविधता वाले देश में कैसे सही साबित हो सकते हैं। सर्वेक्षणों में जो तस्वीर दिखाई जा रही है, चुनाव में वो नहीं होगी।
पूरी संभावना इस बात की है कि खंडित जनादेश हो और अन्य दल महत्वपूर्ण रहेंगे।’
हाल के दिनों में कुछ टीवी चैनलों द्वारा कराए गए सर्वेक्षणों में भाजपा की अगुवाई वाले एनडीए को काफी आगे दिखाया गया है, वहीं कांग्रेस नीत यूपीए को काफी पीछे। सिंह ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव लडऩे पर जोर देते हुए कहा, ‘हम यूपीए का हिस्सा हैं और यह चुनाव इसके घटक के तौर पर ही लड़ेंगे। सीटों को लेकर अभी फैसला नहीं हुआ है, लेकिन जल्द इस बारे में कांग्रेस से बात करूंगा।’ उन्होंने दिल्ली से बाहर आम आदमी पार्टी ((आप)) के असर को नकारते हुए कहा, ‘देश में अलग-अलग स्थानों पर मुद्दे भी अलग होते हैं। ऐसे में ‘आप’ का असर नहीं रहने वाला है। दिल्ली के बाहर इस पार्टी का प्रभाव नहीं दिखता है।’ मुजफ्फरनगर दंगों को लेकर उन्होंने भाजपा और सपा पर निशाना साधा। अजित ने कहा, ‘यह सांप्रदायिक दंगा नहीं था, बल्कि राजनीतिक दंगा था। इसके लिए भाजपा और सपा जिम्मेदार हैं। हमारी कोशिश दोनों समुदायों के बीच फिर से पहले जैसा भाईचारा कायम करने की है।’