506 स्कूलों को विभाग का नोटिस
भास्कर न्यूज - फरीदाबाद
शिक्षा अधिनियम की धारा 134ए के तहत जानकारी उपलब्ध नहीं कराने वाले स्कूलों में गाज गिर सकती है। ऐसे करीब 506 स्कूलों को मान्यता रद्द करने से संबंधित नोटिस थमा दिया गया है। दो बार सचेत करने के बाद भी स्कूल ऑनलाइन जानकारी नहीं दे रहे थे। अब विभाग ने नोटिस जारी कर सख्त कदम उठाने के संकेत दिए हैं।
नोटिस देकर स्कूल संचालकों से पूछा गया है कि आखिर क्यूं न मान्यता रद्द कर दी जाए। स्कूलों से छात्रों व अध्यापकों की संख्या, खेल मैदान, लाइब्रेरी सहित मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ऑनलाइन मांगी गई थी। नोटिस के अनुसार अगर तीन दिन के अंदर ऑनलाइन जानकारी से विभाग को उपलब्ध नहीं कराई गई, तो कठोर कार्रवाई होगी।
यही नहीं अगर स्कूल प्रशासन ऑनलाइन जानकारी से अवगत करा रहा है, तो उसे यह भी स्पष्टीकरण देना होगा कि उसने अभी तक इस आदेश का पालन किस वजह से नहीं किया था। सभी निजी स्कूलों से 31 दिसंबर तक 134 ए के तहत ऑनलाइन रिपोर्ट मांगी गई थी। लेकिन जिले के एक भी निजी स्कूल ने अपनी जानकारी शिक्षा निदेशालय की साइट पर नहीं भेजा है। ऐसे में दोबारा भी इसी स्थिति को दोहराया गया है।