- Hindi News
- विजय सिंह दहिया ने संभाला डीसी का कार्यभार
विजय सिंह दहिया ने संभाला डीसी का कार्यभार
भास्कर न्यूज - फरीदाबाद
जिले में निर्माणाधीन सभी प्रकार की परियोजनाओं व विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के साथ-साथ इसमें और अधिक तेजी लाई जाएगी। यह कहना है जिले के नवनियुक्त डीसी विजय सिंह दहिया का। बुधवार को उन्होंने पदभार संभाल लिया। इस मौके पर पूर्व डीसी बलराज सिंह के लिए विदाई समारोह का आयोजन किया गया। वे फरीदाबाद से स्थानांतरित होकर करनाल के डीसी बने हैं। जबकि विजय सिंह दहिया फेडरेशन ऑफ को-ऑपरेटिव शुगर मिल लिमिटेड ((शुगरफैड))पंचकूला के प्रबंध निदेशक पद से स्थानांतरित होकर फरीदाबाद के डीसी बने हैं। दहिया ने कहा कि फरीदाबाद एक नए एवं आधुनिक विकास की ओर अग्रसर है। जिले की लगभग पूरी दूरी को तय करती हुई मेट्रो रेल परियोजना सहित राष्ट्रीय राजमार्ग के सुधारीकरण जैसे बड़े प्रोजेक्ट सामने हैं। उन्होंने कहा कि वे इन बड़ी परियोजनाओं के अलावा प्रदेश व केंद्र सरकार की अन्य सभी परियोजनाओं एवं विकास कार्यों से बेहतर क्रियान्वयन में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने देंगे। इस दौरान एडीसी डॉ. गरिमा मित्तल, नगराधीश मनीषा शर्मा, एसडीएम धर्मेंद्र सिंह, बल्लभगढ़ के एसडीएम जितेंद्र दहिया, जिला राजस्व अधिकारी पीडी शर्मा व जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेश पंकज आदि मौजूद थे।