गाड़ी का शीशा तोड़ रुपयों का बैग चोरी
गुडग़ांव - नरसिंहपुर में सड़क किनारे खड़ी स्कार्पियो के शीशे को तोड़कर उसमें रखा रुपयों का बैग चुरा लिया। पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। बल्लभगढ़ के नीमका निवासी प्रताप सिंह नागर जो गांव नरसिंहपुर में क्रेन प्रोवाइड करने का बिजनेस करते हैं। उन्होंने बुधवार देर शाम बादशाहपुर थाना को फोन पर सूचना दी कि ऑफिस के सामने खड़ी उनकी स्कार्पियो गाड़ी का शीशा तोड़कर चोर बैग लेकर चंपत हो गए हैं। प्रताप ने पुलिस को बताया कि उनके बैग में हजारों रुपए नगद व जरूरी पेपर रखे हुए थे। सूचना मिलते ही बादशाहपुर पुलिस थाने से एएसआई रोहताश पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी। बादशाहपुर थाना प्रभारी जितेंद्र राणा ने बताया कि पीडि़त की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।