- Hindi News
- शहर पहुंची बर्खास्त श्रमिकों की पदयात्रा, प्रदर्शन आज
शहर पहुंची बर्खास्त श्रमिकों की पदयात्रा, प्रदर्शन आज
गुडग़ांव - आईएमटी मानेसर स्थित मारुति सुजूकी कंपनी के बर्खास्त श्रमिकों की पदयात्रा सोमवार को गुडग़ांव पहुंच गई है। रात्रि में पदयात्री शहर में ही ठहरेंगे। मंगलवार को कमला नेहरू पार्क में एकत्रित होकर गुडग़ांव शहर में प्रदर्शन करेंगे। बर्खास्त श्रमिकों के सक्रिय सदस्य राजपाल व रामनिवास ने बताया कि यह पदयात्रा 15 जनवरी को कैथल से शुरू हुई थी। प्रदेश के अन्य जिलों से होती हुई यह यात्रा सोमवार को गुडग़ांव पहुंची है। इस पदयात्रा में बर्खास्त श्रमिक व उनके परिजन भी बड़ी संख्या में शामिल हैं। पद यात्रा का आयोजन करने का उद्देश्य है कि श्रमिकों की परेशानियों को जहां प्रदेश की आम जनता के समक्ष रखा जाए, वहीं प्रदेश सरकार की श्रमिक विरोधी नीतियों का खुलासा भी हो सकेगा।
उन्होंने बताया कि सभी पदयात्री 31 जनवरी को दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर पहुंचेंगे और वहां धरना-प्रदर्शन का आयोजन करेंगे। इस धरना प्रदर्शन में अन्य श्रमिक संगठन भी भारी संख्या में उन्हें सहयोग देने के लिए शामिल होंगे। उनका कहना है कि 29 जनवरी को दिल्ली में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के छात्र संगठन से भी पदयात्रियों की भेंट होगी और आगे की रणनीति बनाई जाएगी। गुडग़ांव की अन्य श्रमिक यूनियनें भी बर्खास्त श्रमिकों के आंदोलन को सहयोग कर रही हैं।