- Hindi News
- कर्मचारियों की मांगों पर सीएम चुप्पी तोड़ें : नैन
कर्मचारियों की मांगों पर सीएम चुप्पी तोड़ें : नैन
भास्कर न्यूज - हिसार
राज्य कर्मचारी तालमेल कमेटी के आह्वान पर 72 घंटे की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। कमेटी के नेताओं ने दावा किया कि विद्युत निगमों, लघु सचिवालय, आबकारी व कराधान, खजाना, सिंचाई, भवन व सड़क, जन स्वास्थ्य, स्वास्थ्य, पशुपालन व अन्य विभागों में पूरा दिन ताले लगे रहे और कर्मचारी दफ्तरों के बाहर वर्षा में भी सरकार विरोधी नारे लगाते नजर आए। गुजवि, एचएयू व पशुपालन विश्वविद्यालय के गैर शिक्षक कर्मचारी भी पूर्णत: हड़ताल में शामिल रहे।
हरियाणा कर्मचारी महासंघ के जिला प्रधान राजपाल नैन ने आंदोलनरत कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने चार लाख कर्मचारियों की लंबित मांगें पर चुप्पी धारण कर रखी है। सरकार दमन पर उतरी हुई है। हिसार के सेक्टर 16/17 में कार्यरत दक्षिण हरियाणा विद्युत निगम के जूनियर इंजीनियर पर हड़ताल पर जाने के चलते पुलिस ने केस दर्ज किया है।
उन्होंने कहा कि हड़ताल गुरुवार को भी जारी रहेगी। अगर सरकार फिर भी नहीं जागी तो भावी रणनीति की घोषणा की जाएगी।
मांगें माने सरकार : प्रदीप
हिसार - सरकार को हठधर्मिता छोड़कर प्रदेश के कर्मचारियों की मांगों को तुरंत मानना चाहिए। किसान सभा के जिला सचिव प्रदीप ने यह मांग की। उन्होंने कहा कि राज्य के विभिन्न विभागों के कर्मचारियों के हड़ताल पर चले जाने से ग्रामीण व शहरी जनता को बिजली व पानी की किल्लत से रूबरू होना पड़ रहा है। सरकार को पहले ही कर्मचारियों की मांगों का हल निकालना चाहिए था।