- Hindi News
- अनुसूचित जनजाति के लोगों को हक दिलाना है : सोनाली
अनुसूचित जनजाति के लोगों को हक दिलाना है : सोनाली
भास्कर न्यूज - हिसार
प्रदेश में अनुसूचित जनजाति के लोगों को उनका हक दिलाना है। प्रदेश के अलावा बाहरी राज्यों से आए अनुसूचित जाति के लोगों की ओर कांग्रेस सरकार का ध्यान नहीं गया है। यह दावा है भाजपा के अनुसूचित जनजाति मोर्चा की हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, चंडीगढ़ प्रभारी सोनाली सिंह का। वह गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत कर रही थीं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में रह रहे अनुसूचित जनजाति के लोग दयनीय हालत में जी रहे हैं। उनके पास मूलभूत सुविधा तक नहीं है। पार्टी ने मुझे इन लोगों की जिम्मेदारी सौंपी है। शहर के स्लम इलाके, सड़कों किनारे लगी झुग्गी झोपडिय़ों, भट्ठों, भवन निर्माण स्थल पर ऐसे अनगिनत लोग रहते हैं। इनके पास राशन कार्ड तक नहीं हैं।
इस कारण वे सरकारी योजनाओं का भी लाभ नहीं उठा पाते। प्रदेश में ऐसे कितने लोग हैं, इसके लिए एक सर्वे किया जाएगा। इन्हें सभी तरह की सरकारी सुविधाओं का लाभ मिले, इस ओर प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार केवल दावे कर रही है। हकीकत में काम नहीं किया जा रहा है। कांग्रेस सरकार को अपनी इस
अनदेखी का परिणाम चुनाव में भुगतना होगा।
इस मौके पर पार्टी जिलाध्यक्ष डॉ. कमल गुप्ता, जिला महामंत्री सुजीत कुमार, मीडिया प्रकोष्ठ के प्रदेश सह प्रभारी डॉ. योगेश बिदानी, प्रो. मनदीप मलिक, डॉ. सुभाष खुंडिया, विजय चौहान, अनिल महला, रामचंद्र गुप्ता, नरेश कौशिक, महाबीर जांगड़ा, रमेश छिरंग, लक्ष्मण गर्ग, जयप्रकाश, ऋषि गोयल भी मौजूद थे।
बीजेपी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते सोनाली सिंह फोगाट।