- Hindi News
- स्टेडियम में भरा पानी, रंगशाला में सजे साज
स्टेडियम में भरा पानी, रंगशाला में सजे साज
भास्कर न्यूज - करनाल
गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों में कड़ाके ठंड और बरसात बाधा उत्पन्न कर रही है, लेकिन गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों में लगे शिक्षक व बच्चों को हौसला कायम है। बुधवार को कर्ण स्टेडियम में पानी भरा मिला तो कालीदास रंगशाला में साज सजे और सांस्कृतिक कार्यक्रमों व परेड की रिहर्सल की गई।
हर रोज की तरह विभिन्न स्कूलों के बच्चे गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर कर्ण स्टेडियम में पहुंचे तो ग्राउंड में पानी भरा हुआ था। यह देखकर बच्चों को निराश लगी, लेकिन बच्चों ने बिना तैयारी के घर वापस जाना ठीक नहीं समझा। बच्चों को तैयारी करवा रहे शिक्षकों ने भी तैयारी करवाना ही मुनासिब समझा। इसलिए कालीदास रंगशाला में साज सजाए गए। छात्र-छात्राओं ने भी तैयारियों को लेकर उत्साह दिखाया। सहायक जिला शिक्षा अधिकारी सेवा राम ने बताया कि भले ही मौसम अनुकूल नहीं है, लेकिन राष्ट्रीय पर्व की तैयारियों में बच्चे उत्साह दिखा रहे हैं।
कल होगा अंतिम पूर्वाभ्यास
शुक्रवार के दिन होने वाले अंतिम पूर्वाभ्यास में परेड व पीटी शो के अतिरिक्त चयनित की गई सांस्कृतिक टीमें अपनी प्रस्तुतियां देंगी। डीसी विकास यादव व पुलिस अधीक्षक तैयारियों का अवलोकन करेंगे। गणतंत्र दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का समय करीब 40 मिनट रहेगा।