दो फरवरी को होगी बारिश
सुशील भार्गव - करनाल
फरवरी का महीना बरसात लेकर आ रहा है।साथ में ठंडी हवाएं भी। पहाड़ों में खूब बर्फबारी का सिलसिला 31 जनवरी से शुरू हो जाएगा, जो फरवरी के प्रथम सप्ताह तक चल सकता है। क्योंकि 31 जनवरी को पश्चिम विक्षोभ असर दिखा रहा है। यह पहाड़ों में तो इसी दिन से असर दिखा देगा, लेकिन मैदानों तक दो फरवरी को असर दिखाएगा। यानि रविवार को लोगों को बरसात का सामना करना पड़ सकता है। इस बरसात के बाद प्रदेश में एक बार फिर से ठंडक लौट आने की संभावना बन गई है।
आसमान में निकले बादल
मंगलवार को आसमान में अचानक बादल निकल आए। इससे अधिकतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 7.6 डिग्री सेल्सियस आंका गया। नमी सुबह 95 व दोपहर बाद 68 फीसदी रही। हवा का दबाव सुबह 8.7 व दोपहर बाद 9.4 रहा। हवा की गति औसतन 4.6 किलोमीटर प्रति घंटा आंकी गई।
अब तक हो चुकी हैं दो बड़ी बरसात : जनवरी माह में अब तक दो बड़ी बरसात हो चुकी है। अमूमन जनवरी माह में बरसात होती रही हैं। फरवरी में भी कई बार बेमौसमी बरसात होती है। यह पश्चिम विक्षोभ के असर के चलते होती हैं। इस बार जो डब्ल्यूडी दो फरवरी को प्रदेश में असर दिखाने जा रहा है, वह पहले पहाड़ी इलाकों में खूब बर्फबारी करेगा। जम्मू कश्मीर व हिमाचल प्रदेश में दो व तीन फरवरी को अच्छी खासी बरसात व बर्फबारी हो सकती है।
एच टेट परीक्षार्थियों की बढ़ी मुसीबत : एक तो परीक्षा का स्थल दूर और दूसरा मौसम खराब। क्योंकि एक व दो फरवरी को प्रदेश के कई जिलों में एच टेट की परीक्षा होनी है। इन दोनों दिनों में आसमान में खासे बादल होंगे और बरसात की भी संभावना बन सकती है। ऐसे में परीक्षार्थियों के लिए मुसीबत बढ़ गई है।