मैडम, दोषियों पर की जाए कार्रवाई
करनाल - जिले में हो रही अनाज की बर्बादी के खिलाफ स्वयंसेवी संगठन आगे आए हैं। बुधवार को फाइट फॉर जस्टिस के कार्यकर्ताओं ने विधायक सुमिता सिंह से मुलाकात की और मंडी समिति में बर्बाद हुए अनाज के जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की। सदस्यों ने कहा कि खुले डंप अनाज को सुरक्षित रखने ठोस कदम को उठाए जाएं। संगठन ने इस संबंध में विधायक को एक मांग पत्र भी सौंपा।
बतादें कि 29 जनवरी के अंक में मंडी समिति में हजारों एमटी गेहूं बर्बाद होने की खबर दैनिक भास्कर ने प्रमुखता से प्रकाशित की थी। फाइट फॉर जस्टिस के कार्यकर्ता भास्कर की प्रतियां लेकर विधायक के आवास पहुंच गए और उनसे बर्बाद हुए अनाज के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की। साथ ही खुले में डंप अनाज को सुरक्षित रखने के वेयर हाउस की उपलब्धता सुनिश्चित कराने की मांग की। प्रधान हरीश आर्य सहित संगठन के कई अन्य सदस्य शामिल रहे। भारी मात्रा में अनाज खराब होने की खबर सार्वजनिक होने से किरकिरी झेल रहे विभागीय अधिकारी मामले को दबाने में लग गए है। इसके लिए सड़े हुए अनाज को ढकने की कवायद की जा रही है। मंडी समिति में बर्बाद हुई गेहूं की लाटो को नई पालीथीन से ढका जा रहा है।
रिपोर्ट मांगी गई है : विधायक सुमिता सिंह ने बताया कि कुछ लोग बर्बाद गेहूं की शिकायत लेकर आए थे। मीडिया के माध्यम से भी मंडी में अनाज खराब होने की जानकारी मिली है। इस संबंध में रिपोर्ट मांगी गई है। अनाज के भंडारण के लिए वेयर हाउसों का निर्माण कराया जा रहा है।
करनाल . ज्ञापन सोंपते फाईट फॉर जस्टिस क्लब के पदाधिकारी।