- Hindi News
- नए नियमों के विरोध में जिले के सीबीएसई स्कूलों में आज हड़ताल
नए नियमों के विरोध में जिले के सीबीएसई स्कूलों में आज हड़ताल
भास्कर न्यूज - करनाल
हरियाणा स्कूल शिक्षा नियमावली 2003 के अधिनियम 134ए के तहत विद्यार्थियों के दाखिलों को लेकर प्राइवेट स्कूल और सरकार में फिर टकराव की स्थिति पैदा हो गई है। सरकार ने स्कूलों के लिए जो नए नियम जारी किए हैं, उनके तहत निजी स्कूलों ने नि:शुल्क दाखिलों पर कड़ी आपत्ति जताई है। बुधवार को प्रताप पब्लिक स्कूल में सीबीएसई स्कूल के संचालकों व प्रिंसिपलों ने बैठक में एकमत नई नीति का विरोध करने का फैसला लिया। विरोध स्वरूप गुरुवार को जिलेभर के स्कूल बंद रखते हुए सांकेतिक हड़ताल का ऐलान किया।
मीटिंग के बाद दैनिक भास्कर से बातचीत में करनाल इंडिपेंडेंट्स स्कूल एसोसिएशन आरएस विर्क, ज्वाइंट सेक्रेट्री कुलजिंद्र एमएस बाठ, डॉ. राजन लांबा, अजय भाटिया, नवजोत सिंह वड़ैच, जसबीर सिंह गुलाटी, ब्रिगेडियर एनके भंडारी, ओपी चौधरी, एनएम रहेजा आदि ने कहा कि सरकार ने पिछले आंदोलन के बाद जो मांगे स्वीकारी थी उनको नकारा जा रहा था। सरकार ने मात्र बीपीएल परिवार के बच्चों को नए दाखिलों में 10 प्रतिशत दाखिलों का निर्णय लिया था। लेकिन अब सरकार बीपीएल के साथ इकॉनोमिकली वीकर सेक्शन ((ईवीएस)) को भी आरक्षण देने का आदेश भेज रही है, वह भी प्रत्येक कक्षा में।
दोहरी नीति अपना रही है सरकार : स्कूल संचालकों ने कहा कि सरकार दोहरी नीति अपना रही है। अन्य स्कूलों में 10 प्रतिशत जबकि हुडा क्षेत्र में बने स्कूलों में 20 प्रतिशत दाखिले दिलाने का फरमान शिक्षा अधिकारियों को भेजा गया है।
करनाल . बैठक में मौजूद विभिन्न सीबीएसई स्कूल के प्रिंसिपल।
करनाल . सीबीएसई से संबंधित स्कूल संचालक बैठक करते हुए।