साबरमती के संत को दी श्रद्धांजलि
भास्कर न्यूज - करनाल
देश को आजाद कराने के संघर्ष में जिन्होंने अपने प्राणों का उत्सर्ग किया, उनकी याद में आज देश भर में शहीदी दिवस का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में करनाल के लघु सचिवालय में शहीदी दिवस पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। जिसमें एडीसी के साथ सचिवालय के अधिकारियों व कर्मचारियों ने एकत्रित होकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर एसडीएम मुकुल कुमार, सीटीएम डीआर कैरो, जिला राजस्व अधिकारी दलेल सिंह, डीएसपी गीता डबास, जिला शिक्षा अधिकारी आशा मुंजाल, टी.ओ एस कालीरमण तथा विभिन्न विभागों के कर्मचारी भी उपस्थित थे।
पुण्यतिथि पर बांटे स्वेटर
करनाल - भारत विकास परिषद अभिमन्यु शाखा की ओर से गुरुवार को सनातन धर्म बाल मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल रामनगर में जरूरतमंद बच्चों को स्वेटर वितरित किए गए। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्य तिथि पर आयोजित कार्यक्रम में सीजीसी चेयरमैन एपीएस चोपड़ा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस दौरान दो मिनट का मौन रख कर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। एपीएस चोपड़ा ने कहा कि महात्मा गांधी ने अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए देश को आजाद करवाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने बच्चों से आह्वान किया कि जीवन में हमेशा सत्य को अपनाएं। शाखा अध्यक्ष रजनीश चोपड़ा ने बताया कि भाविप के दिवंगत सदस्य मोहन ग्रोवर की प्रेरणा से यह कार्य किया गया है। उन्होंने हमेशा समाजसेवा के कार्यों में बढ़चढ़ कर भाग लिया। उनका बच्चों से विशेष लगाव था। इस अवसर पर स्कूल प्रिंसिपल धनेश चंद्र डिमरी, प्रांतीय संगठन मंत्री सुरेंद्र सांदल, सचिव हरीश चुघ, संस्कार प्रमुख एसएम कुमार, समाजसेवी सुरेंद्र अघी, अमित सहगल, ललिता नरूला, कुसुम अरोड़ा, सरोज, मोनिका कालिया, कैलाश मौजूद थे।