नमो टी स्टाल का किया उद्घाटन
भास्कर न्यूज - करनाल
भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता झलक शहर के सेक्टर-14 में दिखाई दी। यहां पर नमो टी-स्टाल का उद्घाटन किया गया। यह स्टाल मोहनलाल का है जो नमो-टी के नाम से चाय बेचेंगे। इस मौके पर बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित भाजपा के प्रदेश मंत्री चंद्रप्रकाश कथूरिया ने कहा कि नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता आज देश ही नहीं विश्व में बढ़ रही है। पूरा देश उन्हें प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहता है।
कथूरिया ने कहा कि देश को आज मोदी के नेतृत्व की जरूरत है। वह ऐसे नेता हैं जो देश के विकास और सुरक्षा को लेकर व्यापक है। कथूरिया ने कहा कि यूपीए सरकार के कुशासन का एक मात्र विकल्प बीजेपी है और बीजेपी अपना नेता मोदी को मान चुकी है। उनके साथ युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष संजय राणा, देवेंद्र चौहान, खुश दयाल, गौरव वर्मा, वीरेंद्र गुर्जर, ललित डाबरा, समीर खुराना, संदीप चावला, साहिल, विक्रम राणा, संजय राणा, अजय शर्मा आदि मौजूद थे।