- Hindi News
- हड़ताल : पहले ऐलान बढ़ाने का, बाद में फिर तोडऩे का
हड़ताल : पहले ऐलान बढ़ाने का, बाद में फिर तोडऩे का
कुरुक्षेत्र - बिजली कर्मचारियों की तीन दिन की हड़ताल और ब्लैक आउट ने पूरे जिले को जहां अस्तव्यस्त कर दिया। वहीं तीन दिन निगम एवं प्रशासन के भी पसीने छुड़वाए रखे। तीन दिनों से जिले भर में हाहाकार मचा रहा। गुरुवार शाम को उम्मीद जगी कि शुक्रवार से हालात सामान्य हो जाएंगे। कारण हड़ताल तीन दिन की ही घोषित थी। लेकिन शाम को एक बार फिर कर्मचारियों ने कड़ा रूख अपना लिया। कहां कि मांगे पूरी ना होने तक संघर्ष जारी रहेगा। ऐसे में निगम प्रशासन भी असमंजस में पड़ गया। एक बारगी बिजली अधिकारियों को भी यही सूचना मिली कि हड़ताल दो दिन और चलेगी। एसडीओ महताब सिंह के मुताबिक पांच बजे यही सूचना मिली थी कि हड़ताल दो दिन और बढ़ा दी है। लेकिन अब कर्मचारी हड़ताल खत्म करने को राजी हैं। खैर देर रात जाकर डीसी निखिल गजराज ने सभी अधिकारियों को सूचना भेजी कि अब हड़ताल खत्म हो गई है। तब जाकर संशय के बाद खत्म हुए।
दिनभर चली रस्साकस्सी : हरियाणा कर्मचारी तालमेल कमेटी के आह्वान पर बिजली कर्मचारियों ने तीन दिन की हड़ताल की घोषणा की थी। गुरुवार शाम तक जब कर्मचारियों को सरकार की तरफ से कोई घोषणा सुनने को नहीं मिली तो कर्मचारियों ने ऐलान कर दिया कि अब उनकी हड़ताल अनिश्चितकालीन होगी। इससे पहले निगम व जिला प्रशासन बातचीत के जरिये समस्या का हल निकालने की जुगत में रहा। कर्मचारी नेताओं संग बातचीत भी हुई। उधर शहरवासी भी एक दूसरे से फोन कर पूछते रहे कि हड़ताल खत्म हुई है या नहीं। लोगों ने बिजली कार्यालयों तक में फोन लगा कर पूछताछ की। लोग कहते नजर आए कि क्या यह मुसीबत अभी और झेलनी पड़ेगी।