ठग गिरोह की महिला सदस्य काबू
कुरुक्षेत्र - कार में लिफ्ट देकर महिलाओं के जेवरों पर हाथ साफ करने वाले गिरोह की एक महिला सदस्य पुलिस के हत्थे चढ़ी है। उससे एक सोने का कड़ा व बाली भी पुलिस ने बरामद की है। उसे कोर्ट में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस प्रवक्ता सुरेश कुमार ने बताया कि अपराध शाखा दो प्रभारी जगबीर सिंह,एएसआई दलजीत सिंह, अश्वनी कुमार व महिला एएसआई परमजीत कौर की टीम कई दिनों से उक्त गिरोह की तलाश में लगी थी। इस गिरोह ने जिले में कई वारदातें की। गत वर्ष पांच अक्टूबर को गणेशी देवी को कार में लिफ्ट देकर उक्त गिरोह ने उसके हाथ से सोने का कड़ा व कानों से बालियां उतार ली थी। इसी बीच पंजाब पुलिस ने इस गिरोह की एक सदस्य मनजीत कौर उर्फ काली वासी छिंटावाला,पटियाला, पंजाब को गिरफ्तार कर लिया। वहां से पता चलने पर पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट पर कुरुक्षेत्र लेकर आई है। पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि उसने अपने साथियों के साथ यहां वारदात की।