- Hindi News
- आधार में गड़बड़ी : अधेड़ को युवा तो युवा बने अधेड़
आधार में गड़बड़ी : अधेड़ को युवा तो युवा बने अधेड़
रमेश गर्ग - कुरुक्षेत्र
आम आदमी की पहचान बन चुका आधार कार्ड ही उनकी मुसीबत बन रहा है। जरा सी चूक से लोगों की पहचान ही बदल जा रही है। प्रशासन आधारकार्ड बनवाने की जल्दबाजी में है। यही जल्दबाजी भारी पड़ रही है। जो आधारकार्ड बन कर आ रहे हैं, उनमें कइयों के आधारकार्ड सही नहीं बने। गलती से युवाओं को अधेड़ तो अधेड़ को युवा बना डाला। शहर में ही ऐसा सैकड़ों लोगों के साथ हो चुका है। अपनी पहचान सही कराने को ऐसे लोगों को धक्के खाने पड़ रहे हैं। लोग दुविधा में हैं कि उनके आधार कार्ड दुरुस्त होंगे भी या नहीं। लोग भटक रहे हैं, लेकिन ना तो उन्हें पता चल रहा है कि कहां आधार सही होगा, ना ही यह कि कौन सही करेगा। कुछ लोगों ने अपने गलत आधार सही कराने का प्रयास किया भी, लेकिन उन्हें कामयाबी नहीं मिली। इसे लेकर प्रशासन भी गंभीर नहीं दिख रहा। यहां तक की कार्ड धारक के घर का पता भी मन मुताबिक लिख दिया जाता है। जबकि कार्ड में बदलाव की प्रक्रिया काफी जटिल है। जिसे आम आदमी के लिए समझना आसान नहीं है। ना ही जिला प्रशासन की तरफ से ऐसे कोई प्रबंध किए जा रहे हैं।
मर्जी से लिख दी उम्र
सेक्टर-पांच निवासी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि कार्ड निर्माता अपनी मर्जी से ही आधार कार्ड से खिलवाड़ करते रहते हैं। उनके फार्म और साथ लगे दस्तावेज 02-02-1962 उम्र अंकित है, लेकिन आधार कार्ड में उम्र घटाकर 01-01-1963 कर दी। इस गलती को ठीक कराना भी आसान नहीं है। ई-दिशा केंद्र में कई दिन धक्के खाने के बावजूद कोई फायदा नहीं हुआ। जबकि स्वयं आधार कार्ड की साइट पर सही उम्र भरने पर भी रिजेक्ट होने का संदेश मिलता है। कार्ड बना रहे कर्मचारियों की गलती का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है। इसके लिए प्रशासन को सरल प्रक्रिया बनानी चाहिए।
पता बदला, उम्र भी घटाई
प्रेमलता माडल टाउन, वार्ड नंबर 15 पिहोवा की रहने वाली है। लेकिन आधारकार्ड में अब उसका पता बदल चुका है। साथ ही उसकी पहचान भी, उसकी उम्र भी 11 साल घटा दी। प्रेम लता ने बताया कि आधार कार्ड निर्माताओं ने उनकी पहचान ही बदल दी है। उन्होंने फार्म में सही पता और उम्र लिखी थी। साथ में दस्तावेज भी लगाए गए थे। लेकिन अब गलत आधारकार्ड बना कर भेजा है। कार्ड पर गलत पता अंकित होने से उनका कार्ड किसी दूसरे वार्ड में चला गया। गनीमत रही कि किसी परिचित को उनका कार्ड मिल गया। लेकिन इसमें पता तो गलत था ही, उनकी उम्र 51 से घटाकर 40 साल कर दी है।
जल्दबाजी पड़ रही भारी, लोग दुविधा में- आधार कार्ड दुरुस्त होंगे भी या नहीं