धोखाधड़ी का आरोपी ट्रक चालक काबू
कुरुक्षेत्र - जिला पुलिस ने धोखाधड़ी के मामले में आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार किया है। सेक्टर-७ के सतपाल सिंगला ने थाना सदर थानेसर में शिकायत दर्ज कराई थी कि ट्रांसपोर्टर अनिल, ट्रक चालक लखविंद्र सिंह व अमरीक सिंह ने मिलकर उसे करीब दो लाख रुपए की चपत लगाई। सिंगला के मुताबिक मसाना स्थित उनकी फर्म से २ नवंबर 2013 को 341 बैग मुर्गीदान लाद कर उक्त ट्रक चालक महसाना गुजरात के लिए चला था। मुर्गीदाना वहां एक फर्म को देना था। लेकिन चालक ने बीच में उक्त बैग गायब कर दिए। जब तय समय पर वह सामान लेकर गुजरात नहीं पहुंचा तो उन लोगों ने छानबीन की। काफी खोजबीन के बाद भी ना तो चालक ना ही ट्रक का पता चला, तब उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। प्रवक्ता सुरेश कुमार के मुताबिक एसएचओ दीपेंद्र राणा व एएसआई रामपाल की टीम ने अब आरोपी चालक लखविंद्र को पिहोवा से गिरफ्तार किया है। उसे कोर्ट में पेश कर ३ दिन के रिमांड पर लिया है।