- Hindi News
- पंचायत प्रतिनिधियों के अधिकारों की उठाई आवाज
पंचायत प्रतिनिधियों के अधिकारों की उठाई आवाज
भास्कर न्यूज - कुरुक्षेत्र
$ग्राम स्वराज प्रोग्राम रथ यात्रा का धर्मनगरी पहुंचने पर जिला परिषद चेयरमैन व डीआरडीए अध्यक्ष प्रवीण चौधरी ने स्वागत किया। बनारस ((उत्तर प्रदेश)) से 13 जनवरी को शुरू हुई यह रथयात्रा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि 30 जनवरी को राजघाट दिल्ली पहुंचेगी। यात्रा के संरक्षक डॉ. जगबीर रावत और संयोजक डॉ. देव सिंह के नेतृत्व में जिला परिषद कार्यालय पहुंची रथयात्रा में 20 सदस्य शामिल थे। डॉ. जगबीर रावत ने सन 1993-94 में हुए 73वें व 74वें संविधान संशोधन को तुरंत लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इन संशोधनों के तहत जिला स्तर पर चयनित प्रतिनिधियों को व्यापक अधिकार दिए गए थे। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी का मानना था कि गांव तक 14 पैसे पहुंचाने में सरकार के 86 पैसे खर्च हो रहे हैं, जबकि यूपीए-दो की सरकार में 27 पैसे गांव तक पहुंचाने में 73 पैसे खर्च हो रहे हैं जोकि चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि अगर जिला और ग्राम स्तर पर चयनित प्रतिनिधियों को और अधिकार मिलें तो इस खर्च पर काफी हद तक अंकुश लग सकता है।
किसान बदलें सोच
पूर्व राष्ट्रपति डॉ. अब्दुल कलाम आजाद और प्रतिभा देवी सिंह पाटिल द्वारा दो बार पुरस्कृत किए जाने वाले जयप्रकाश सिंह ने बताया कि मिलावटी खाद्य पदार्थों, पेस्टीसाइड और रसायनिक उर्वरकों के उपयोग से कृषि योग्य भूमि पर जहां प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, वहीं खाद्य पदार्थों का सेवन कर रहे मानव व जीव-जंतुओं के स्वास्थ्य पर बुरा असर हो रहा है। उन्होंने इन प्रतिकूल प्रभावों से बचने के लिए देसी बीजों और गो आधारित कृषि व्यवस्था के तहत कार्य करने का सुझाव दिया। यात्रा के संयोजक डॉ. देव सिंह ने बताया कि वर्तमान समय में स्वदेशी गौ वंश और बीजों का विकास, संरक्षण, संवर्धन और वैश्विक सुधार के कार्यों को रक्षा मंत्रालय के तहत मिल्ट्री फार्म विभाग के माध्यम से बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने मिल्ट्री फार्म की तर्ज पर प्रत्येक पंचायत में कृषि, वाणिकी एवं पशुपालन आधारित पंचायत स्तरीय औद्योगिक क्षेत्रों की स्थापना करने पर भी जोर दिया।
पंचायती राज हो मजबूत
जिला परिषद चेयरमैन प्रवीण चौधरी ने कहा कि जब तक पंचायती राज सिस्टम को मजबूत नहीं बनाया जाता तब तक गांवों का आधारभूत ढांचा सुधारा नहीं जा सकता। जिला परिषद की शक्तियां प्रदेश में बहुत कम हैं, जिस कारण जिला परिषद चाहकर भी उतने विकास कार्य नहीं करवा पाती, जितनी लोग अपेक्षा करते हैं। इसलिए सिस्टम को सुधारने की जरूरत है। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य रामकरण काला और जयनारायण मौजूद रहे।
कुरुक्षेत्र पहुंची ग्राम स्वराज प्रोग्राम रथ यात्रा, डीआरडीए अध्यक्ष ने स्वागत किया
कुरुक्षेत्र - ग्राम स्वरोजगार रथयात्रा का कुरुक्षेत्र पहुंचने पर स्वागत करते जिला परिषद चेयरमैन प्रवीण चौधरी व अन्य।