पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • भारतीय संस्कृति देखकर अभिभूत हुए विदेशी

भारतीय संस्कृति देखकर अभिभूत हुए विदेशी

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर - कुरुक्षेत्र
इंटरनेशनल रोटरी क्लब के तत्वावधान में इजराइल की टीम के सदस्य भारतीय संस्कृति को देखकर अभिभूत हो गए। सदस्यों ने श्रीकृष्ण संग्रहालय, पैनोरमा और ब्रह्मसरोवर का दौरा किया। 10 पर्यटकों की टीम में मार्क और मारलियान, सोल और बेला, जीपोरा और सेशनमेयर, रोनिट और तोवा, हबीब और लैमिस शामिल थे। रोटरी क्लब डिस्ट्रिक्ट 3080 इंडिया के पूर्व गवर्नर देवेंद्र कालड़ा, पूर्व चीफ इंजीनियर एचसी सेठी, कमलजीत सिंह पंचकूला ने पर्यटकों की अगुवाई की। इजराइल की टीम ने सबसे पहले श्रीकृष्ण संग्रहालय का दौरा किया।
उन्होंने भारत की प्राचीन संस्कृति और सभ्यता की जानकारी ली। श्रीकृष्ण संग्रहालय में भारत की प्राचीन विधियों के बारे में उन्होंने कई सवाल पूछे। जिंक के शुद्धिकरण, रसशाला, जस्ता गलाना, लोहा निर्माण, मोम की ढलाई, कपास चरखा, चरखे से कताई, शल्य प्रक्रिया के यंत्र, आयुर्वेदिक औषधि, बिद्रीकला, संगमरमर कला, प्राचीनकाल की तकनीकी, वृहदेश्वर मंदिर के बारे में जानने के लिए उत्सुकता दिखाई।




कई महीनों से थी इच्छा

मार्क ने बताया कि वह जयपुर के भरतपुर में कई वर्ष तक रहा। कुरुक्षेत्र के लोगों की तरह वहां के लोग भी मुझे बहुत प्यार करते थे। भरतपुर के लोग मुझे प्यार से मधुकर के नाम से बुलाते थे। उन्होंने कहा कि भारत की सभ्यता और संस्कृति के बारे में जानने की इच्छा कई महीनों से थी। इजराइल के रामा और रामलला से आए पर्यटकों सोल और बेला ने बताया कि भारतीय संस्कृति में राम का नाम बड़े आदर से लिया जाता है। हमने सुना था कि यहां के लोग राम को भगवान मानते हैं, हमारे शहरों का नाम भी राम के नाम से है। इसलिए हमारी इच्छा भारत और यहां की संस्कृति को जानने के लिए थी। उन्होंने बताया कि कुरुक्षेत्र से पहले हमने करनाल के घरौंडा स्थित सब्जी उत्कृष्ट केंद्र का दौरा किया। टीम में रोटरी क्लब 3080 के पूर्व गवर्नर देवेंद्र कालड़ा ने बताया कि इंटरनेशनल रोटरी क्लब के विश्व के 210 देशों में कार्यालय है। जिसका मुख्यालय यूएसए के शिकागो में है। रोटरी क्लब के माध्यम से विभिन्न देशों के पर्यटक एक-दूसरे की सभ्यता और संस्कृति को जान पाते हैं। यह टीम कुरुक्षेत्र के बाद चंडीगढ़ और फिर जयपुर के साथ-साथ राजस्थान के अन्य शहरों और फिर गुजरात का दौरा करेगी। कालड़ा ने बताया कि इस टीम में 10 लोग हैं। जिनमें सोल और बेला पहली बार भारत आए हैं। इस मौके पर हरीश सेठी और केवल अरोड़ा भी उपस्थित थे।

कुरुक्षेत्र - पैनोरमा एवं विज्ञान केंद्र में भ्रमण के दौरान महाभारत गैलरी की तस्वीर को कैमरे में कैद करते इजराइल प्रतिनिधी मंडल के सदस्य।