- Hindi News
- 3 साल बाद भी नहीं मिले ग्रेच्युटी के पैसे
3 साल बाद भी नहीं मिले ग्रेच्युटी के पैसे
कुरुक्षेत्र - प्रदेश में सिस्टम कितना सुस्त है, इसका अंदाजा इसी बात से लग सकता है कि एक मुख्याध्यापिका को अपनी ग्रेच्युटी के पैसे 3 साल गुजरने के बावजूद नहीं मिल पाए हैं। इतना ही नहीं छह महीने पहले पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने मुख्याध्यापिका के पक्ष में फैसला भी सुना दिया। इसके बावजूद उन्हें अब तक विभाग से पैसे नहीं मिले हैं।
सेवानिवृत्त मुख्याध्यापिका उषा कुमारी ने बताया कि वह 31 मार्च 2011 को गवर्नमेंट हाई स्कूल दबखेड़ी कुरुक्षेत्र से सेवानिवृत्त हुई थी। इसके बाद उसकी ग्रेच्युटी के पैसे निकलवाने के लिए पहले तो उसे विभाग के अधिकारियों ने धक्के खिलाए। जब कई महीने बीतने के बावजूद पैसे नहीं मिले तो मजबूर होकर हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया, जिसमें एक अगस्त 2013 को उनके पक्ष में फैसला आया और कोर्ट ने दो महीने के अंदर 8 प्रतिशत ब्याज सहित पैसे का भुगतान करने का आदेश दिया। वहीं दो महीने से अधिक का समय बीतने पर 10 प्रतिशत की दर से ब्याज सहित पैसे देने का आदेश सुनाया। इस आदेश की कॉपी भी दो बार सभी संबंधित अधिकारियों को भेजी जा चुकी है। छह महीने गुजर चुके हैं लेकिन अधिकारी हाईकोर्ट के आदेश तक मानने को तैयार नहीं हैं। उषा कुमारी ने बताया कि अब उन्होंने पूरे मामले बारे सीएम को भी पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी किस तरह से विभाग कर्मचारी को तंग करता है, यह इसका एक उदाहरण है।
संज्ञान में नहीं मामला: जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता देवी ने बताया उनके संज्ञान में उषा कुमारी को ग्रेच्युटी न मिलने का मामला नहीं है। उन्होंने अधीक्षक से इस बारे में जानकारी ली है। उन्होंने कहा कि उषा कुमारी के कुछ नो ड्यूज न होने से पैसे रुके थे, जिसे अब करा लिया गया है। सुनीता देवी ने कहा कि वे पूरा प्रयास करेंगी कि जल्द से जल्द उषा कुमारी को पैसों का भुगतान कराया जाए।
हाईकोर्ट के फैसले की शिक्षा विभाग कर रहा अनदेखी