पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • जिले में विकास कार्यों को लेकर अधिकारियों से जवाबतलबी

जिले में विकास कार्यों को लेकर अधिकारियों से जवाबतलबी

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - कुरुक्षेत्र
इस साल प्रशासन द्वारा चलाए हर समाधान और सांझी पहल कार्यक्रम के तीसरी मीटिंग गुरुवार को लघु सचिवालय में हुई। डीसी निखिल गजराज ने पिछली मीटिंग के एजेंडे और जिले में चल रहे विकास कार्यों को लेकर अधिकारियों से जवाबतलबी की। जहां काम अधर में हैं, उन्हें तुरंत पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा कई शिकायतों का निपटारा किया गया। बता दें कि प्रशासन ने सांझी पहल हर समाधान प्रयोग इस साल शुरू किया है, जिसके तहत हर गुरुवार प्रशासनिक अधिकारी लोगों की शिकायतें सुन उनका निपटारा करते हैं।
बैठक में डीसी ने एक्सईएन मार्केटिंग बोर्ड से सभी खंडों में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी मांगी। इस्माइलाबाद में सड़क की मरम्मत, फड़ बनाने, बिजली की लाइन ठीक कराने आदि को लेकर एक्सईएन मार्केटिंग बोर्ड से जवाबतलबी की। सिविल सर्जन डॉ. शिव कुमार से जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र को लेकर रिपोर्ट मांगी। डॉ. कुमार ने कहा कि जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है, जिसे समय पर उपलब्ध कराया जाता है।
टॉवरों की जांच करें एसडीएम : मीटिंग में डीसी ने रिहायशी क्षेत्रों में मोबाइल टावर को लेकर जिले के चारों एसडीएम को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगे टावरों की जांच करें।
यदि वे टावर रिहायशी क्षेत्रों में लगे हैं तो इनकी रिपोर्ट उनके कार्यालय में भेजें, ताकि कानूनी कार्रवाई की जा सके। सांझी पहल के तहत लोगों की समस्याओं और शिकायतों को ऑनलाइन निपटाने के आदेश डीसी ने दिए। कहा कि जिन विभागों को यूजर नेम और पासवर्ड मिल चुके हैं, वे अपने-अपने विभागों से संबंधित शिकायतों का ऑनलाइन निपटारा करें। यदि किसी को यूजर नेम और पासवर्ड नहीं मिला है, वे डीआईओ से संपर्क करें।




कई शिकायतें हुई दूर

सांझी पहल में शिकायत लेकर पहुंचे लछमण दास ने कहा कि वह वृद्धावस्था पेंशन के लिए पात्र है। लेकिन राशनकार्ड न होने से पेंशन नहीं लगी। डीसी ने डीएफएससी जीपीएस सिकरी को निर्देश दिए कि प्रार्थी का राशनकार्ड बनाएं। समाज कल्याण अधिकारी पेंशन बनाकर ऑनलाइन रिपोर्ट करें। खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने खंडों में ग्रामसचिवों और सरपंचों के साथ समय-समय पर बैठक करके जांच करें कि पेंशन वितरण में कोई समस्या, फर्जीवाड़ा तो नहीं है। नगराधीश को निर्देश दिए कि जर्जर भवनों की सूची तैयार करें। इस अवसर पर थानेसर के एसडीएम राजेश कुमार, पिहोवा के एसडीएम एचसी भाटिया, शाहाबाद के एसडीएम राजीव मेहता,डीएसपी निर्मल सिंह, एक्सईएन आरके तेवतिया,राजेंद्र मोर, एसके नैन, डीआईपीआरओ धर्मवीर सिंह आदि समेत सभी अधिकारी उपस्थित थे।

लघु सचिवालय में समाधान और सांझी पहल कार्यक्रम की तीसरी बैठक हुई