कोहरे ने फिर धीमी कर दी ट्रेनों की चाल
भास्कर न्यूज - कुरुक्षेत्र
बुधवार की रात से घना कोहरा गुरुवार को दिनभर छाया रहा। कोहरे के चलते जहां सड़कों पर ट्रैफिक गड़बड़ा गया, वहीं इसने एक बार फिर से रेल की चाल धीमी कर दी। कोहरे की वजह से कई गाडिय़ां लेट हो गई। गुरुवार को जहां कई रेलगाडिय़ां दो से नौ घंटे तक लेट रहीं, वहीं सड़कों पर वाहन भी कछुआ चाल से चलते दिखे। इसके चलते सैकड़ों यात्रियों को दिक्कत हुई। जिनकी रिजर्वेशन थी, उनके पास स्टेशन पर इंतजार के सिवा कोई चारा नहीं था।
कई फायदा तो कई जगह नुकसान : सड़कों पर कोहरे के कारण दिन में भी वाहनों की लाइटें जलाकर ड्राइविंग करनी पड़ी। कुछ लोगों को दोगुणा किराया खर्च कर दूसरे वाहनों से निकलना पड़ा। वहीं मौसम में ठंड बढऩे से गेहूं को फायदा हुआ जबकि सब्जियों के लिए यह काफी नुकसान दायक साबित हो सकता है।
7 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़का पारा गुरुवार को तापमान दिन में अधिकतम 14.5 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। सुबह के समय नमी की मात्रा 100 और शाम को 91 प्रतिशत रही। हवा में दबाव सुबह 8.6 और शाम को 10.7 एमएम रहा। दिनभर 3.2 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सर्द हवाएं चलती रहीं।
अगले 24 घंटे तक कोहरा जारी: मौसम विशेषज्ञ श्याम सिंह चौहान का कहना है कि गुरुवार को वातावरण में मात्र दो मीटर तक की दृश्यता रही। कोहरे के चलते सड़क पर दृश्यता कम ही रही।
घने कोहरे के चलते रेलगाडिय़ों का टाइम टेबल पूरी तरह से बिगड़ गया। गाडिय़ां दो से नौ घंटे की देरी पर पहुंची। इसमें जहां कालका-हावड़ा एक्सप्रेस 9 घंटे लेट रही। वहीं शहीद एक्सप्रेस 8 घंटे, बठिंडा एक्सप्रेस पांच एक्सप्रेस, ऊंचाहार एक्सप्रेस साढ़े पांच घंटे, मालवा एक्सप्रेस चार घंटे, दादर एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे, शान ए पंजाब डेढ़ घंटे, बठिंडा दो घंटे, सचखंड एक्सप्रेस डेढ़ घंटे, सुपर एक घंटा, जन शताब्दी एक घंटा देरी से पहुंची।
नौ घंटे लेट रही कालका-हावड़ा
कई रेलगाडिय़ां दो से नौ घंटे तक लेट रहीं, सड़कों पर वाहन भी कछुआ चाल से चलते रहे