- Hindi News
- बापू के आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया
बापू के आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया
भास्कर न्यूज - कुरुक्षेत्र
तिरंगे की आजादी और महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर धर्मनगरी में सदभावना संध्या हुई, जिसमें शहरभर के लोगों ने जहां एक तरफ बापू के आदर्शों को जीवन में उतारने का संकल्प लिया। वहीं तिरंगे को भी नमन किया। खास बात यह रही कि फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया की तरफ से देशभर के 54 जगहों पर एक साथ यह कार्यक्रम हुआ।
पुराने बस स्टैंड के पास ब्राह्मण धर्मशाला में सदभावना संध्या में ही देशभर में एक साथ हो रहे कार्यक्रमों की झलक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शहरवासियों को देखने को मिली। मुख्य आयोजन दिल्ली के इंडियागेट पर हुआ। इसके अलावा हरियाणा, पंजाब, हिमाचल, गुजरात और तमिलनाडू, चेन्नई आदि जिलों में भी सदभावना संध्या का आयोजन हुआ।
गांधी के आदर्शों का हुआ स्मरण: वक्ताओं ने कहा कि हम उस महान राष्ट्र संत का स्मरण करने एकत्रित हुए हैं, जिसने पूरे विश्व को मानवता का पाठ पढ़ाया। रंगभेद समाप्ति के प्रेरणा स्रोत बने और देशवासियों को आजादी दिलाई। सर्वधर्म समभाव और वसुधैव कुटुम्बकम् की भारतीय परंपरा के माध्यम से गांधी जी ने धार्मिक कट्टरता, जातिवाद, पंथवाद, क्षेत्रवाद, बोली व भाषावाद के उन्मूलन का प्रयास किया। प्रेम, सहिष्णुता, सह-अस्तित्व की भावना को बढ़ावा दिया। उन्होंने कहा कि आज बापू के शहादत दिवस पर हमें मजबूत भारत के निर्माण का संकल्प लेना चाहिए। महात्मा गांधी एक व्यक्ति नहीं, विचार हैं। उनके विचारों का चिराग हमें हर दिल में प्रज्ज्वलित किए रखना है, तभी हम खुशहाल और शांतिपूर्ण समाज की स्थापना कर पाएंगे। मंच का संचालन डॉ. मोहित गुप्ता ने किया।