वैश्य समाज ने मांगी राज्यसभा की सीट
भास्कर न्यूज - नारनौल
अग्रवाल वैश्य समाज ने राज्य सभा की सीट पर वैश्य समाज के व्यक्ति को प्रतिनिधित्व देने की मांग की है।
गुरुवार को समाज के प्रवक्ता दुर्गादत्त गोयल ने कहा है कि हरियाणा से खाली होने वाली दो राज्यसभा सीटों पर वैश्य समाज के व्यक्ति को प्रतिनिधित्व दिया जाए। उन्होंने इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला को पूर्व मंत्री मांगे राम गुप्ता व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य सुरेश गुप्ता के नाम सुझाते हुए कहा कि ये दोनों समाज के वरिष्ठ नेता है।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री बनारसी दास गुप्त राज्यसभा सदस्य के रूप में हरियाणा से प्रतिनिधित्व करते रहे हैं। उन्होंने बताया कि अग्रवाल वैश्य समाज 16 फरवरी को अंबाला के बराड़ा की अग्रवाल धर्मशाला में एक वैश्य महापंचायत का आयोजन करेगा। इसमें आगामी लोकसभा एवं विधानसभा चुनावों की रूपरेखा तैयार की जाएगी। इस महापंचायत में प्रदेश की वैश्य बाहुल्य 16 सीटों पर चुनाव लडऩे वाले संभावित उम्मीदवारों को पैनल तैयार किया जाएगा।