कामगार यूनियन व मजदूरों का धरना
भास्कर न्यूज - नारनौल
सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियनस ((सीआईटीयू)) के आह्वान पर वन मजदूर यूनियन, भवन निर्माण कामगार यूनियन व लाल झंडा मजदूर यूनियन का सांझी मांगों को लेकर बुधवार दो दिवसीय धरना शुरू हुआ। पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस के बाहर शुरू हुए धरने की अध्यक्षता सीआईटीयू के जिला प्रधान हरिराम ने की।
इस अवसर पर धरने को संबोधित करते हुए ओमप्रकाश जांगड़ा ने कहा कि श्रम कल्याण बोर्ड द्वारा दी जा रही सुविधाओं में यूनियन की मांग के अनुसार बढ़ोतरी की जाए। उन्होंने कहा कि लेबर चौक पर शेड निर्माण करने, वन मजदूरों का अक्टूबर-2013 बकाया वेतन देने, कच्चे मजदूरों को पक्का करने और न्यूनतम वेतन 15 हजार रुपए करने की सरकार से मांग की। महावीरसिंह कनीना ने कहा कि भट्ठा मजदूरों को अस्थाई राशन कार्ड से जनवरी माह का राशन दिया जाए।
रोहताश गोठवाल ने कहा कि सीआईटीयू से संबंधित आशा वर्कर यूनियन, मिड-डे मिल, आंगनबाड़ी, वन मजदूर, भवन निर्माण, ग्रामीण चौकीदार, ग्रामीण सफाई कर्मचारी समेत सैंकड़ों की संख्या में यूनियन से जुड़े लोग 30 जनवरी को शहर में प्रदर्शन करेंगे। इस प्रदर्शन के दौरान डीसी दफ्तर का घेराव भी किया जाएगा। इस मौके पर धरने के दौरान कामरेड कैलाशचंद, राधेश्याम, मंजीतसिंह, महेंद्र,
किरोड़ीमल सैनी, शिवकुमार सेहलंग, संजय सिगड़ी, रूड़ाराम व अशोक मौजूद थे।